जेपी गंगा पथ पर बाइक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, पटना ट्रैफिक पुलिस ने चालक के खिलाफ दर्ज की एफआईआर

पटना के मरीन ड्राइव पर युवक को जानलेवा स्टंट करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने बाइक नंबर से उसकी पहचान कर ली है और उसके खिलाफ ट्रॉफिक थाना मे मामला दर्ज हो गया है.....

जेपी गंगा पथ पर बाइक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, पटना ट्रैफिक
जानलेवा स्टंट करना पड़ा महंगा - फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना के प्रसिद्ध जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर एक बाइक सवार युवक और युवती द्वारा जानलेवा स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। 6 सितंबर को सामने आए इस वीडियो में बाइक सवार खतरनाक तरीके से बाइक चलाते और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते दिखे। मामला संज्ञान में आते ही पटना ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच पड़ताल शुरू कर दी।


रजिस्ट्रेशन नंबर से हुई बाइक मालिक और चालक की पहचान 

जांच प्रक्रिया के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रही हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर को ट्रैक किया। जांच में बाइक मालिक और चालक की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई, जो पटना सिटी के मोगलपुरा (छठा ताल) का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, दीपक ने 5 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे कृष्णा घाट से दीघा गोलंबर की दिशा में मरीन ड्राइव पर खतरनाक स्टंटबाजी की थी।


गांधी मैदान ट्रैफिक थाने में प्राथमिकी दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी 

पहचान उजागर होने के बाद गांधी मैदान ट्रैफिक थाना में आरोपी दीपक कुमार और बाइक पर सवार अज्ञात युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने 7 सितंबर नए भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला कायम किया है। पुलिस की टीम अब बाइक सवार युवती की पहचान करने में जुटी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


सड़कों पर स्टंट न करने की अपील, 24 घंटे रखी जा रही निगरानी 

इस घटना के बाद पटना ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता और विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी या तेज रफ्तार में वाहन न चलाएं। पुलिस ने चेताया कि ऐसी लापरवाही अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालती है। शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के कैमरों और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम के जरिए 24 घंटे पैनी नजर रखी जा रही है, तथा नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।


लापरवाही पर पुलिस का कड़ा रुख 

जेपी गंगा पथ पर लगातार बढ़ रही युवाओं की हुड़दंगबाजी और खतरनाक ड्राइविंग को रोकने के लिए पुलिस सख्त मोड में है। ट्रैफिक पुलिस की इस त्वरित और कड़ी कानूनी कार्रवाई से मरीन ड्राइव पर स्टंटबाजी करने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।

अनिल की रिपोर्ट