बिहार में रिश्वतखोरों की अब खैर नहीं! पिछले 25 साल का रिकॉर्ड ध्वस्त, सजा दिलाने की दर में भी 5 गुना उछाल, निगरानी डीजी ने दी खुली चेतावनी
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को और सख्त करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 2026 की धमाकेदार शुरुआत की है। डीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि जनवरी माह में ही 10 ट्रैप केस दर्ज कर भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्ता
Patna - बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) ने मोर्चा खोल दिया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार ने स्पष्ट किया है कि बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ ब्यूरो 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रहा है। वर्ष 2025 में भ्रष्टाचार के खिलाफ कुल 122 प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गईं, जो पिछले 25 वर्षों के औसत (72 कांड) से डेढ़ गुना अधिक है। डीजी ने हुंकार भरते हुए कहा कि 2026 में ब्यूरो अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
2026 की धमाकेदार शुरुआत: जनवरी में ही 11 कांड दर्ज
वर्ष 2026 के पहले ही महीने में निगरानी ब्यूरो ने भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। डीजी गंगवार के अनुसार, जनवरी 2026 में कुल 11 कांड दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 10 मामले ट्रैप (रंगे हाथ पकड़ना) के हैं। इन कार्रवाइयों के दौरान भ्रष्ट अधिकारियों के पास से 85 हजार रुपये की नकद बरामदगी भी की गई है। यह सक्रियता दर्शाती है कि ब्यूरो अब शिकायतों पर बिजली की गति से कार्रवाई कर रहा है।
पिछले चार वर्षों की तुलना में भारी उछाल
अगर तुलनात्मक आंकड़ों पर गौर करें, तो इस वर्ष की शुरुआत बेहद आक्रामक रही है। जनवरी 2023 में जहाँ 5 मामले दर्ज हुए थे, वहीं 2024 में यह आंकड़ा शून्य था और 2025 में महज 2 कांड दर्ज किए गए थे। इसकी तुलना में जनवरी 2026 में 10 ट्रैप केस होना ब्यूरो की बढ़ती कार्यकुशलता और सूचना तंत्र की मजबूती को प्रमाणित करता है।
'स्पीडी ट्रायल' से बढ़ी सजा की दर: भ्रष्टाचारियों में खौफ
केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचारियों को सजा दिलाने के मामले में भी ब्यूरो ने नया इतिहास रचा है। डीजी ने बताया कि ब्यूरो के इतिहास में पिछले साल सबसे ज्यादा 30 मामलों में सजा सुनाई गई, जबकि पहले का औसत महज 5.6 था। इसके लिए एक विशेष 'स्पीडी ट्रायल सेल' का गठन किया गया है, जो कोर्ट के साथ निरंतर समन्वय बनाकर दोषियों को जल्द से जल्द उनके अंजाम तक पहुँचा रहा है।
आम जनता से अपील: डरे नहीं, ब्यूरो को दें सूचना
जितेंद्र सिंह गंगवार ने कहा कि ब्यूरो का मुख्य उद्देश्य आम जनता की शिकायतों पर विधि सम्मत और त्वरित कार्रवाई करना है। उन्होंने भ्रष्टाचार से पीड़ित नागरिकों से अपील की है कि वे बिना डरे अपनी शिकायतें ब्यूरो तक पहुँचाएं। ब्यूरो का लक्ष्य है कि सरकारी तंत्र में बैठे हर उस व्यक्ति को बेनकाब किया जाए जो पद का दुरुपयोग कर अवैध वसूली में संलिप्त है।
Report - anil kumar