निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई तेज, 13 आरोपियों ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण

Vigilance Investigation Bureau
Vigilance Investigation Bureau- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की सक्रियता और सतत प्रयासों के चलते राज्य के विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 13 आरोपियों ने विशेष न्यायालयों में आत्मसमर्पण कर दिया है। ब्यूरो की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ये सभी आरोपी लंबे समय से न्यायिक प्रक्रिया में उपस्थित नहीं हो रहे थे और उनके खिलाफ वारंट जारी था। 


ब्यूरो के अनुसार लगातार दबाव और कानूनी कार्रवाई के बाद फरवरी और मार्च 2026 के दौरान इन सभी ने संबंधित विशेष अदालतों में सरेंडर किया। आत्मसमर्पण करने वालों में 7 आरोपी पद के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में शामिल हैं, जबकि 6 आरोपी ट्रैप केस (रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े जाने) से जुड़े हैं। ये मामले पटना, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत विभिन्न जिलों से संबंधित हैं।


निगरानी विभाग ने स्पष्ट किया है कि पहले ही आरोपियों को चेतावनी दी गई थी कि वे मार्च के अंत तक अदालत में आत्मसमर्पण कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद अप्रैल में कार्रवाई और तेज करने की तैयारी थी।


ब्यूरो का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और फरार आरोपियों को हर हाल में कानून के दायरे में लाया जाएगा। विभाग ने दोहराया कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पटना से अनिल की रिपोर्ट