बाढ़ में लापता युवक के सुराग नहीं मिलने से परिजनों और ग्रामीणो में असंतोष, पूर्व मंत्री विजय कृष्ण ने पुलिस से की कड़े कदम उठाने की मांग

बाढ़ के सूर्यपुरा गांव निवासी 22 वर्षीय अमन कुमार के लापता होने के तकरीबन 10 दिन बीते जाने के बाद भी सुराग नहीं मिलने से परिजनों और ग्रामीणों में असंतोष व्याप्त है। पूर्व मंत्री विजय कृष्ण ने इस मामले में पुलिस से ठोस कार्रवाई की मांग की है....

बाढ़ में लापता युवक के सुराग नहीं मिलने से परिजनों और ग्रामी
बाढ़ में लापता युवक के सुराग नहीं मिलने से परिजनों में असंतोष- फोटो : रवि शंकर

Patna : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला थाना क्षेत्र की करजान पंचायत स्थित सूर्यपुरा गांव निवासी 22 वर्षीय अमन कुमार बीते 13 सितंबर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी जब युवक का कोई सुराग नहीं मिला, तो चिंतित परिजनों ने अथमलगोला थाने में उसके अपहरण की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बावजूद युवक की बरामदगी न होने से परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में गहरा असंतोष व्याप्त है।


ग्रामीणों ने किया था फोरलेन जामपुलिस के आश्वासन पर खुला था रास्ता 

अमन कुमार की सकुशल बरामदगी और नामजद आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने चार दिन पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग (फोरलेन) को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान यातायात पूरी तरह ठप हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रामीणों को आश्वस्त किया था और कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगकर किसी तरह सड़क जाम समाप्त कराया था।


जाम खुलते ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर ठोका केसबढ़ा जनाक्रोश 

पुलिस के आश्वासन पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन तो समाप्त कर दिया, लेकिन इसके तुरंत बाद पुलिस ने सड़क जाम करने के आरोप में कड़ा रुख अपना लिया। पुलिस ने जदयू (JDU) नेता सहित एक दर्जन (12) लोगों को नामजद करते हुए 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी। पुलिस द्वारा अपहृत युवक को खोजने के बजाय आंदोलनकारियों पर ही मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश और गहरा गया है।


पूर्व मंत्री विजय कृष्ण ने पुलिस प्रशासन को घेरा 

मामले में तूल पकड़ते ही राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। पूर्व मंत्री विजय कृष्ण ने पुलिस की इस कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस को अपनी ऊर्जा और प्राथमिकताएं पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में लगानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पुलिस अविलंब ठोस कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करे और अपहृत युवक अमन कुमार की सुरक्षित बरामदगी कर मामले का पूरा पर्दाफाश करे।


युवक की बरामदगी न होने से क्षेत्र में तनाव का माहौल 

फिलहाल घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी 22 वर्षीय अमन का कोई अता-पता न होने से गांव और आसपास के इलाकों में तनाव एवं निराशा का माहौल है। ग्रामीण जहां पुलिस पर शिथिलता का आरोप लगा रहे हैं, वहीं पुलिस का दावा है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और विभिन्न बिंदुओं पर छापेमारी जारी है।


रवि शंकर की रिपोर्ट