फोटो वायरल विवाद ने लिया खूनी रूप: दो पक्षों में जमकर मारपीट और गोलीबारी, एक युवक को लगी गोली

फोटो वायरल विवाद ने लिया खूनी रूप: दो पक्षों में जमकर मारपीट
पटना में दो पक्षों में जमकर मारपीट और गोलीबारी- फोटो : सुमित कुमार

Patna : पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र के बड़की टंगरेला गांव में शुक्रवार की सुबह फोटो वायरल करने का पुराना विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिसके बाद कट्टे से गोलीबारी भी हुई। इस घटना में मनोज पासवान का 22 वर्षीय पुत्र रूपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया है। गोली उसके बाएं हाथ की उंगली में लगी है, जिसे स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना एम्स (AIIMS) रेफर कर दिया।


सोशल मीडिया फोटो विवाद से शुरू हुई थी रंजिश 

स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस पूरे विवाद की शुरुआत करीब एक महीने पहले हुई थी। आरोप है कि गांव के ही गुड्डू कहार के बेटे गुलशन कुमार और उसके साथी राहुल कुमार ने पिंकू पासवान की बेटी की एडिट की गई तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी। उस समय गांव के प्रबुद्ध लोगों और पंचायत के हस्तक्षेप से मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच अंदर ही अंदर तनाव बना हुआ था। लगभग 15 दिन पूर्व भी दोनों गुटों में मारपीट हुई थी, जिसके संबंध में नौबतपुर थाना और SC/ST थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।


छींटाकशी का विरोध करने पर चचेरे भाई को मारी गोली 

शुक्रवार की सुबह हुई घटना को लेकर परिजनों ने बताया कि पिंकू पासवान की बेटी घर में अकेली थी। उसी दौरान गुलशन और राहुल ने उस पर फब्तियां कसीं और टोंटबाजी की। युवती का शोर सुनकर उसका चचेरा भाई रूपक कुमार बीच-बचाव करने मौके पर पहुंचा। इसके बाद आरोपी गुलशन करीब एक दर्जन से अधिक लोगों के साथ लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर आ गया और रूपक पर हमला कर दिया। इसी दौरान आरोपियों की तरफ से देसी कट्टे से एक राउंड फायरिंग की गई, जिसकी गोली रूपक को लग गई और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।


गांव में तनाव का माहौलपुलिस बल तैनात 

दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी और मारपीट की घटना के बाद बड़की टंगरेला गांव में भारी तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस की तत्परता से माहौल को नियंत्रण में लिया गया। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को दोबारा होने से रोका जा सके।


दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन 

थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि घायल युवक का इलाज पटना एम्स में जारी है और उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों द्वारा दिए जा रहे लिखित आवेदन और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था हाथ में लेने वाले और गोलीबारी में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सुमित की रिपोर्ट