Pawan Singh: अनंत सिंह की राह पर पवन सिंह, बिहार चुनाव में दिखेगा लैंड क्रूजर का क्रेज, करोड़ों की गाड़ी में बैठ कर वोट मांगेंगे नेता...
Pawan Singh: भोजपुरी के पावर स्टर पवन सिंह ने बिहार चुनाव से पहले लैंड क्रूजर खरीदी है। चुनाव में करोड़ों की गाड़ी पर सड़क पर उतरेंगे और वोट मांगेंगे। पवन सिंह 5 अक्टूबर को बीजेपी में शामिल होंगे।

Pawan Singh: बिहार विधानसभा चुनाव में नेता करोड़ों की गाड़ी में बैठकर आम जन के बीच जाएंगे और वोट मांगेंगे। बिहार चुनाव में लैंड क्रूजर का क्रेज देखने को मिल रहा है। लैंड क्रूजर नेताओं की पहली पसंद बन गया है। चुनाव से पहले नेता लैंड क्रूजर खरीद रहे हैं और उसी से वो चुनावी प्रचार प्रसार भी करेंगे। मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह ने हाल ही में लैंड क्रूजर खरीदा। वहीं अब अंनत सिंह की राह पर ही भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह भी चल पड़े हैं। पवन सिंह ने भी चुनाव से पहले लैंड क्रूजर खरीदा है।
अनंत सिंह की राह पर पवन सिंह
बता दें कि बीजेपी में घर वापसी को लेकर पवन सिंह इन दिनों सुर्खियों में है। इसी बीच जानकारी सामने आ रही है कि पवन सिंह ने लैंड क्रूजर खरीदा है। बिहार विधानसभा चुनाव में उतरने से पहले पवन सिंह ने लैंड क्रूजर खरीदा है। सबसे पहले लैंड क्रूजर अखिलेश सिंह ने खरीदा था। वहीं हाल ही में मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह ने लैंड क्रूजर खरीदा। जिसके बाद कुचायकोट विधायक अमरेंद्र पांडे, बेलागंज जेडीयू विधायक मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव ने लैंड क्रूजर खरीदा। वहीं अब पवन सिंह ने भी लैंड क्रूजर की सवारी करने को तैयार हैं।
लैंड क्रूजर से वोट मांगे पवन सिंह
बिहार चुनाव में इस बार नेता करोड़ों की गाड़ी में बैठकर जनता के बीच पहुंचेंगे और वोट मांगेंगे। मालूम हो कि पवन सिंह 5 अक्टूबर को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। मंगलवार को पवन सिंह ने दिल्ली में उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की। बाद में पवन सिंह गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे हैं। पवन सिंह के साथ बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े और भाजपा के मंत्री ऋतुराज सिन्हा भी मौजूद हैं। अमित शाह के आवास पर सभी नेताओं की मुलाकात हुई। इसके बाद पवन सिंह ने जेपी नड्डा से मुलाकात की और एक प्रकार से अपनी घर वापसी यानी भाजपा में आने पर मुहर लगा दी।
5 अक्टूबर को थामेंगे बीजेपी का हाथ
वहीं भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह 5 अक्टूबर को औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल होंगे। पार्टी इस कदम को लेकर खासा उत्साहित है, क्योंकि पवन सिंह की लोकप्रियता और उनकी छवि चुनावी मैदान में बड़ा असर डाल सकती है। गौरतलब हो कि, पवन सिंह ने पिछली बार काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरकर एनडीए को करारा झटका दिया था। उनकी बगावत की वजह से गठबंधन को सीट गंवानी पड़ी थी। इस बार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र कयास लगाए जा रहे हैं कि पवन सिंह भाजपा के टिकट पर काराकाट से ही ताल ठोक सकते हैं।
लैंड क्रूजर की खासियत
टोयोटा लैंड क्रूज़र, टोयोटा की एक लोकप्रिय और मजबूत फुल-साइज़ SUV है, जिसे खास तौर पर ऑफ-रोडिंग और किसी भी इलाके पर विजय पाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। भारत में यह 3346 cc के डीजल इंजन और 10-स्पीड ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध है, जो 304.4 बीएचपी पावर और 700 एनएम टॉर्क उत्पन्न करता है। टोयोटा लैंड क्रूज़र अपनी विश्वसनीयता और लंबी लाइफ के लिए जानी जाती है और इसे दुनिया की सबसे पावरफुल एसयूवी में से एक माना जाता है।