अनीता ने विधानसभा में तेजस्वी की कराई फजीहत, विजय चौधरी ने पकड़ी 'गलती' तो जोड़ने लगी हाथ, अशोक महतो की है पत्नी
Warsaliganj MLA Anita : बिहार विधानसभा में मंगलवार को वारसलीगंज से निर्वाचित राजद विधायक अनीता ने तेजस्वी यादव की फजीहत करा दी. यहां तक कि उनके संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने अनीता के राजद के फैसले से अलग लाइन पकड़ने पर सदन में जोरदार चुटकी ली जिसके बाद अनीता हाथ जोड़ते नजर आई. वहीं सत्ता पक्ष के सभी सदस्य इस वाकये को लेकर खूब मजे लेते दिखे.
दरअसल, बिहार विधानसभा में विपक्ष के सदस्यों ने कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर खूब हंगामा किया. यहां तक कि राजद सहित विपक्षी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन यानी वाकआउट कर अपना विरोध जताया. हालांकि बहिर्गमन के कुछ समय बाद अचानक से राजद की अनीता में वापस आ गई. उन्होंने प्रश्नकाल के दौरान अपने क्षेत्र से जुड़ा सवाल उठाया.
इस पर संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि आज सदन में वॉक आउट करने का एक नया रूप देखने को मिला है. पहले एक अन्य सदस्य ललन जी ने वॉक आउट के बाद फिर से सदन में आकर सवाल पूछा और चले गए. अब अनीता भी सवाल करने सदन में आई जबकि विपक्ष के सभी साथी वॉक आउट कर गए. उन्होंने कहा कि हम उनके अधिकारों को चुनौती नहीं दे रहे हैं. सदन में आकर सवाल पूछना उनका संवैधानिक अधिकार है और सरकार भी चाहती है कि सदन में रहे और सवाल पूछे जाएं, ताकि सरकार उत्तर दे सके. विजय चौधरी ने इसे ‘नई परिभाषा’ बताते हुए कहा कि यह तरीका सदन की गरिमा और परंपरा के अनुसार नहीं है.
कौन हैं अनीता महतो
अशोक महतो की पत्नी अनीता वारसलीगंज विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की निर्वाचित विधायक हैं। अनीता उस वक्त चर्चा में आईं, जब उन्होंने कई आपराधिक मामलों में आरोपी रहे अशोक महतो से विवाह किया। अशोक महतो का नाम बिहार में लंबे समय तक आपराधिक घटनाओं से जुड़ा रहा है। उन पर नरसंहार, हत्या, लूट समेत गंभीर आपराधिक कृत्यों के आरोप रहे हैं और वे वर्षों तक फरार भी बताए जाते रहे हैं। बाद के वर्षों में अशोक महतो की गिरफ्तारी हुई और वर्षो जेल में रहे।
अनीता ने करीब 60 साल के अशोक महतो से शादी के बाद सक्रिय राजनीति में कदम रखा और 2025 के विधानसभा चुनाव में वारसलीगंज से राजद के टिकट पर जीत दर्ज कर विधायक बनीं। इसके पहले 2024 में उन्होंने लोकसभा चुनाव भी लड़ा, हालांकि यह चुनाव वे जीत नहीं सकीं। अनीताका अशोक महतो के आपराधिक इतिहास के कारण यह रिश्ता लगातार राजनीतिक विवाद और बहस का विषय बना रहा है।