Bihar News : बाढ़ प्रबंधन को लेकर जल संसाधन विभाग की बड़ी तैयारी, नदियों के ड्रेजिंग व सिल्ट रिमूवल पर विशेषज्ञों के साथ किया मंथन

Bihar News : बाढ़ प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जल संसाधन विभाग व्यवस्थित रूप से ड्रेजिंग और सिल्ट रिमूवल करने की तैयारी कर रहा है। इस मामले को लेकर बैठक की गयी......पढ़िए आगे

Bihar News : बाढ़ प्रबंधन को लेकर जल संसाधन विभाग की बड़ी तै
नदियों के ड्रेजिंग पर जोर - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बाढ़ प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जल संसाधन विभाग व्यवस्थित रूप से ड्रेजिंग एवं सिल्ट रिमूवल करने की तैयारी कर रहा है। इसको लेकर बुधवार को सिंचाई भवन स्थित विभागीय सभागार में विशेषज्ञ एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री-सह-जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने की।      बैठक को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि बिहार की नदियों के तल में गाद के जमाव एवं बालू के टीलों के निर्माण से नदियों के प्रवाह की दिशा एवं प्रकृति प्रभावित होती है। इससे तटबंधों, नदी तटों के संवेदनशील स्थलों एवं संबंधित संरचनाओं पर कटाव का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि सिल्ट कहीं समस्या है, तो कहीं उपयोगी भी है। इस चुनौती के समाधान के उद्देश्य से राज्य सरकार ने बिहार जलस्रोत पुनर्स्थापन एवं गाद प्रबंधन नीति, 2026 बनाई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नदी से कहां और कितनी मात्रा में सिल्ट हटाई जानी है, इसका निर्धारण जल संसाधन विभाग तकनीकी अध्ययन के आधार पर करेगा। उन्होंने उपस्थित एजेंसियों के इस दिशा में प्रभावी एवं व्यावहारिक तकनीकी समाधान प्रस्तुत करने की अपेक्षा की तथा आश्वस्त किया कि ऐसे प्रयासों में विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

वहीं विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि आगामी बाढ़ प्रबंधन कार्ययोजना में ड्रेजिंग एवं सिल्ट रिमूवल को व्यवस्थित रूप से शामिल किया जाएगा। इसके लिए सर्वेक्षण एवं तकनीकी अध्ययन के माध्यम से ऐसे स्थलों को चिह्नित किया जाएगा, जहां नदी की जल प्रवाह क्षमता को बेहतर बनाने के लिए सिल्ट हटाने की आवश्यकता है। साथ ही निकाली गई सिल्ट के सुरक्षित परिवहन एवं निर्धारित स्थलों पर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नदी में ड्रेजिंग के दौरान निकाली गई गाद के परिवहन तथा विभिन्न कार्यस्थलों तक आवश्यक उपकरणों और निर्माण सामग्रियों की आपूर्ति में बार्ज का उपयोग महत्वपूर्ण हो सकता है। सचिव ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य ड्रेजिंग एवं सिल्ट रिमूवल सहित बाढ़ प्रबंधन से जुड़े कार्यों के लिए सक्षम एवं विशेषज्ञ एजेंसियों की पहचान कर उन्हें सूचीबद्ध करना है, ताकि बाढ़ अवधि से पूर्व और बाढ़ के दौरान आवश्यकता के अनुरूप उनकी सेवाएं ली जा सकें। इस क्रम में ड्रेजिंग एवं सिल्ट रिमूवल के लिए आवश्यक मशीनरी एवं उपकरणों की उपलब्धता, उनके संचालन एवं रखरखाव और आपात स्थिति में त्वरित कार्य निष्पादन की क्षमता को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। एजेंसी के प्रतिनिधियों ने बाढ़ प्रबंधन के लिए ड्रेजिंग एवं बार्ज की तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के निदेशक अरविन्द कुमार, 12 ड्रेजर एवं बार्ज निर्माता कंपनियों के प्रतिनिधि, तकनीकी परामर्शी मनोज रमण, परामर्शी रवीन्द्र शंकर, परामर्शी आईसी. ठाकुर, अभियंता प्रमुख वरुण कुमार सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।