Bihar Weather: बिहार में आज से मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को राज्य के उत्तरी ग्रामीण इलाकों में कोहरे के असर से ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। हालांकि धूप निकलने के बावजूद पछुआ हवाओं की तेज़ी के कारण दिन में भी हल्की ठंड बनी रहेगी। वहीं शनिवार को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।
पटना सहित 32 शहरों के तापमान में गिरावाट
बीते दिन पटना सहित राज्य के 32 शहरों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बक्सर में अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 5.1 डिग्री की कमी आई, जबकि भोजपुर में यह गिरावट 4.3 डिग्री रही। इसके अलावा, राज्य के 12 शहरों में न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई, जहां मोतिहारी में सबसे कम 6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। सासाराम और अरवल में तापमान में 1 डिग्री, बक्सर में 1.7 डिग्री, भोजपुर में 2.1 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 0.5 डिग्री, गोपालगंज में 0.8 डिग्री, मोतिहारी में 1.5 डिग्री, वाल्मीकि नगर में 2.1 डिग्री और बेगूसराय में 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
इन जिलों में कोहरे की संभावना
मौसम विभाग ने आज पटना, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल में सुबह के समय हल्के कोहरे की संभावना है। 8 फरवरी से ठंड में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्यभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। उत्तर-पश्चिमी हवाओं की तेज़ी के कारण सुबह और शाम के समय ठंड का असर महसूस किया जाएगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन तेज़ हवाओं के चलते इसका प्रभाव कम रहेगा।
किन शहरों में कितना तापमान गिरा?
गुरुवार को पटना और गोपालगंज में 3.6 डिग्री, जीरादेई में 2.2 डिग्री, वैशाली में 3 डिग्री, नालंदा में 3.3 डिग्री, शेखपुरा में 3.5 डिग्री, मधेपुरा में 2.4 डिग्री, मधुबनी में 1.9 डिग्री, गया में 2 डिग्री और अरवल में 4 डिग्री अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अन्य शहरों में भी 1 से 2 डिग्री तक की कमी देखी गई।
8 फरवरी से बढ़ेगी ठंड
पटना सहित अन्य जिलों में तेज पछुआ हवाओं के कारण सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस की गई। पटना सहित 12 शहरों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को पटना का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री और अधिकतम 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि औरंगाबाद 28.1 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग की मानें तो 8 फरवरी को एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही सर्द पछुआ हवाएं चलेंगी, जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि, कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के समाप्त होने के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।