Bihar News : बिहार में RRTS को मंजूरी का स्वागत, मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बताया ऐतिहासिक कदम, कहा- 'विकास का नया वाहक बनेगा कॉरिडोर'

Bihar News : बिहार कैबिनेट द्वारा राज्य के चार प्रमुख रूटों पर 'रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम' (RRTS) यानी रैपिड रेल कॉरिडोर के निर्माण की मंजूरी दिए जाने का मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने पुरजोर स्वागत किया है।

Bihar News : बिहार में RRTS को मंजूरी का स्वागत, मंत्री डॉ.
RRTS का स्वागत - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बिहार के चार प्रमुख कॉरिडोर—पटना–मुजफ्फरपुर, पटना–बेगूसराय, पटना–आरा एवं पटना–गयाजी पर रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के निर्माण हेतु एलाइनमेंट असेसमेंट रिपोर्ट (AAR) एवं विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने की स्वीकृति का स्वागत करते हुए इसे बिहार के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया है।

डॉ. सुमन ने कहा कि यह परियोजना बिहार में आधुनिक, सुरक्षित और तेज सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की मजबूत आधारशिला रखेगी। इससे उत्तर, दक्षिण और पश्चिम बिहार के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा तथा व्यापार, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से पटना–गयाजी कॉरिडोर दक्षिण बिहार के विकास का नया वाहक बनेगा, जबकि पटना–मुजफ्फरपुर, पटना–बेगूसराय और पटना–आरा कॉरिडोर से लाखों लोगों को बेहतर, सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

डॉ. सुमन ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार में विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क, रेल और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में किए जा रहे निवेश से राज्य विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। 

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि RRTS परियोजना विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेगी और आने वाले वर्षों में बिहार की प्रगति का मजबूत आधार बनेगी।