Anant Singh: नीतीश गए तो हम भी जाएंगे! मोकामा के बाहुबली अपने एलान को करेंगे सच साबित? क्या सच में मोकामा की विधायकी छोड़ेंगे अनंत सिंह?

Anant Singh: एक साक्षात्कार में अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपनी अटूट वफादारी का इज़हार करते हुए यहां तक कह दिया था कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहेंगे तो वे भी अपनी विधायकी से इस्तीफा दे देंगे।...

Will Anant Singh Quit MLA Post if Nitish Kumar Leaves
क्या सच में विधायकी छोड़ेंगे अनंत सिंह?- फोटो : reporter

Anant Singh:  बिहार की सियासत में जब भी बेबाकी और दबंग अंदाज़ की चर्चा होती है, तो मोकामा से जदयू विधायक अनंतसिंह का नाम खुद-ब-खुद ज़ुबान पर आ जाता है। एक बार फिर उनकी जुबान से निकला बयान सियासी गलियारों में हलचल मचा रहा है। दरअसल हाल ही में दिए गए एक साक्षात्कार में अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपनी अटूट वफादारी का इज़हार करते हुए यहां तक कह दिया था कि अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहेंगे तो वे भी अपनी विधायकी से इस्तीफा दे देंगे।

अब जबकि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है और वे बिहार की सत्ता की कुर्सी छोड़कर दिल्ली की सियासत की तरफ कूच करने वाले हैं, तो सियासी हलकों में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है क्या अनंत सिंह अपने उस ऐलान पर कायम रहेंगे?

साक्षात्कार के दौरान जब उनसे उनके पुराने बयान के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने बिना किसी लाग-लपेट के कहा, “हां, बिल्कुल छोड़ देंगे। जब तक वह हैं, तब तक हम हैं; वह नहीं रहेंगे तो हम भी नहीं रहेंगे।” उनके इस दो-टूक बयान ने राजनीतिक फिज़ा में एक नई बहस छेड़ दी थी।

हालांकि नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद अनंत सिंह का लहजा बदल गया और कुछ भावुक भी नजर आाए। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में 2005 से लेकर अब तक नीतीश कुमार का नेतृत्व राज्य के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय की तरह दर्ज रहेगा। उस दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि जब बिहार पिछड़ेपन और बदहाली की पहचान बन चुका था, तब नीतीश कुमार ने सुशासन, तरक्की और सामाजिक समरसता की नई राह दिखाई।

अनंत सिंह के मुताबिक सड़कों के जाल, शिक्षा और स्वास्थ्य के विस्तार, महिलाओं के सशक्तिकरण और कानून-व्यवस्था की मजबूती जैसे कई अहम मोर्चों पर नीतीश सरकार के कामों ने बिहार की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दीं।

उन्होंने कहा कि अब जब नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति में राज्यसभा सांसद के रूप में नई पारी शुरू करने जा रहे हैं, तो यह बिहार के लिए गर्व का पल है। अंत में उन्होंने दुआ की कि बिहार की मिट्टी का यह सपूत जहां भी रहे, अपने तजुर्बे और दूरदृष्टि से देश को नई दिशा देने का काम करता रहे।