पटना में युवा राजद की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक संपन्न, प्रदेश अध्यक्ष ने अनुशासन और सांगठनिक मजबूती पर दिया जोर

पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित कर्पूरी सभागार में युवा राजद, बिहार की राज्य कार्यकारिणी की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठकसंपन्न हुई। इस दौरान मुख्य अतिथि के रुप में मौजूद रहे राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल बांकपुर उपचुनाव में राजद की जीत का दावा किया.

पटना में युवा राजद की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक संपन्न, प्रदेश
युवा राजद की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक संपन्न- फोटो : देवांशु प्रभात

Patna : युवा राष्ट्रीय जनता दल (राजद), बिहार की राज्य कार्यकारिणी की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित कर्पूरी सभागार में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि युवा संगठन को जन-सरोकारों को आत्मसात कर और अधिक धारदार व मजबूत बनना होगा। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बिहार के तमाम जिलों का जितना सघन दौरा तेजस्वी जी ने किया है, वैसा गौरव किसी अन्य दल के नेता को प्राप्त नहीं है। युवा संगठन पार्टी की रीढ़ है और इसके बल पर ही दल अपने लक्ष्यों को प्राप्त करेगा।


अनुशासनहीनता पर दो टूक और बांकीपुर उपचुनाव में जीत का दावा

मंगनी लाल मंडल ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि राजद जल्द ही प्रमंडल और जिला स्तर पर नए कार्यक्रमों की रूपरेखा का ऐलान करेगा। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वहां भाजपा ने अपनी हार पहले ही मान ली है, तभी उसे अपना उम्मीदवार बदलने पर मजबूर होना पड़ा। सामाजिक न्याय में आस्था रखने वाले दलित, अतिपिछड़ा, अल्पसंख्यक और प्रगतिशील वर्ग के पारंपरिक वोट बैंक में कोई सेंध नहीं लगा सकता और राजद बांकीपुर चुनाव भारी बहुमत से जीत रही है।


एनडीए सरकार के खिलाफ युवा राजद ने पारित किए तीन मुख्य प्रस्ताव

राज्य कार्यकारिणी की इस बैठक में युवा राजद द्वारा तीन महत्वपूर्ण राजनैतिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पहले प्रस्ताव में तेजस्वी यादव के नेतृत्व और जनसमर्थन में पूर्ण आस्था व्यक्त करते हुए आरोप लगाया गया कि प्रशासनिक मशीनरी व चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर एनडीए को विधानसभा में जीत दिलाई गई है, जो वास्तविक जनादेश नहीं है। दूसरे प्रस्ताव में प्रभु श्रीराम के मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर भाजपा की कड़े शब्दों में निंदा की गई। वहीं, तीसरे प्रस्ताव के जरिए बिहार के लोगों से वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए राज्य में जल्द ही 'भाजपा भगाओ, बिहार बचाओ' अभियान चलाने का संकल्प लिया गया।


राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय कुशवाहा ने भाजपा को बताया '15 प्रतिशत कमीशन की सरकार'

बैठक को संबोधित करते हुए युवा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय कुशवाहा ने तीखा हमला बोलते हुए वर्तमान सरकार को '15 प्रतिशत कमीशन की सरकार' करार दिया, जो सचिवालय से लेकर प्रखंडों तक व्याप्त है। उन्होंने कहा कि नौकरी के नाम पर युवाओं को 'अग्निवीर' बनाकर धोखा दिया गया है और पेपर लीक व नीट (NEET) जैसी परीक्षाओं की धांधली ने छात्रों का भविष्य बर्बाद कर दिया है। इसके साथ ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, डॉ. सुनील सिंह और वरिष्ठ नेता आलोक कुमार मेहता ने भी सरकार को घेरा। आलोक मेहता ने कहा कि सरकार आर्थिक रूप से दिवालिया हो चुकी है और उसका मूल मंत्र सिर्फ 'बकैती, फेकैती और लठैती' रह गया है।


राजगीर में लगेगा 4 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर, कई दिग्गज नेता रहे मौजूद

बैठक में सर्वसम्मति से यह संगठनात्मक निर्णय लिया गया कि युवा राष्ट्रीय जनता दल की मजबूती और कार्यकर्ताओं के वैचारिक विकास के लिए नालंदा जिले के राजगीर कन्वेंशन सेंटर में एक चार दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव ने की। सभा को मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, विधायक रणविजय साहू, कारी सोहैब, तनुश्री मांझी सहित कई प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी जिला अध्यक्षों, प्रधान महासचिवों और प्रदेश पदाधिकारियों का अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया गया।


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट