चोरी से अस्पताल तक का सफर: बिना रजिस्ट्रेशन का अस्पताल चला रहा था 'एटीएम मास्टरमाइंड',भीड़ ने जमकर धुनाई के बाद पुलिस को सौंपा

एटीएम ठगी करते हुए एक प्राइवेट हॉस्पिटल संचालक मो. इम्तियाज गिरफ्तार हुआ है. यह शातिर अपराधी पहले भी कई बार एटीएम हेराफेरी में पकड़ा जा चुका है. गुलाबबाग में कार्ड बदलते समय रंगे हाथों पकड़ा गया.

From theft to hospital ATM mastermind was running an unregis
बिना रजिस्ट्रेशन का अस्पताल चला रहा था 'एटीएम मास्टरमाइंड',भीड़ ने जमकर धुनाई के बाद पुलिस को सौंपा- फोटो : news 4 nation

बिहार के पूर्णिया जिले में पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो पेशे से तो अस्पताल संचालक है लेकिन उसकी असली पहचान एक 'एटीएम चोर' की है। सहायक खजांची थाना क्षेत्र का निवासी मो. इम्तियाज लाइन बाजार में एक बड़ा प्राइवेट अस्पताल चलाता है, लेकिन अच्छी खासी कमाई होने के बावजूद वह अपनी पुरानी चोरी की लत को नहीं छोड़ सका। पुलिस ने उसे गुलाबबाग इलाके में एटीएम कार्ड बदलते हुए रंगे हाथों दबोचा है।

चालाकी धरी की धरी रह गई

घटना सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग की है, जहाँ एक व्यक्ति एटीएम से पैसे निकालने की कोशिश कर रहा था। तभी पीछे खड़े इम्तियाज ने मदद के बहाने उसका कार्ड लिया और बड़ी ही सफाई से उसे बदलकर दूसरा फर्जी कार्ड मशीन में डाल दिया। हालांकि, पास ही खड़े एक अन्य व्यक्ति ने उसकी इस पूरी हरकत को देख लिया और शोर मचा दिया। भीड़ ने तुरंत इम्तियाज को पकड़ लिया और पीड़ित का असली कार्ड वापस दिलवाया।

ठगी की कमाई से खड़ा किया 'बिना रजिस्ट्रेशन' का अस्पताल

पुलिस जांच में पता चला है कि इम्तियाज भले ही कम पढ़ा-लिखा है, लेकिन दिमाग से बेहद शातिर है। उसने एटीएम ठगी और हेराफेरी के जरिए लाखों की संपत्ति अर्जित की है। पिछले 6 वर्षों से वह लाइन बाजार में एक अस्पताल चला रहा है, जहाँ वह बाहर से डॉक्टर बुलाकर मरीजों का इलाज कराता था। चौंकाने वाली बात यह है कि इस अस्पताल का कहीं कोई निबंधन (रजिस्ट्रेशन) भी नहीं है और वह दलालों के माध्यम से इसे चला रहा था।

रंगे हाथों पकड़े जाने पर भीड़ ने की धुनाई

गुलाबबाग एटीएम के पास जैसे ही लोगों को उसकी ठगी का पता चला, गुस्साई भीड़ ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। बाद में सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस को इम्तियाज की तलाशी के दौरान उसके पास से विभिन्न बैंकों के कई एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल वह लोगों को ठगने के लिए करता था।

हथकड़ी में भी नहीं गया शातिरपन

गिरफ्तारी के बाद जब इम्तियाज को मेडिकल जांच के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज लाया गया, तो वहां भी उसका टशन कम नहीं हुआ। वह मीडियाकर्मियों को धमकाने से बाज नहीं आया। पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे क्योंकि अन्य कैदियों के विपरीत इम्तियाज बिना रस्सी के पुलिस के आगे-आगे चल रहा था। सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि इम्तियाज के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।