Bihar Water Spout: आसमान से जमीन तक उठा पानी का बवंडर, समस्तीपुर में दिखा प्रकृति का अद्भुत करिश्मा
Bihar Water Spout: समस्तीपुर जिले में 26 सितंबर को प्रकृति का ऐसा अद्भुत नजारा सामने आया, जिसने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया।...
Bihar Water Spout: समस्तीपुर जिले में 26 सितंबर को प्रकृति का ऐसा अद्भुत नजारा सामने आया, जिसने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया। मोहिउद्दीननगर प्रखंड क्षेत्र में पानी की सतह से लेकर आसमान में बादलों तक जाती हुई एक रहस्यमयी आकृति दिखाई दी। देखते ही देखते यह जल बवंडर यानी वाटरस्पाउट इलाके में कौतूहल का विषय बन गया। मौसम विभाग पटना ने भी अपनी एक्स पोस्ट के जरिए इस घटना की जानकारी साझा की है।

पानी और बादलों के बीच बनी इस कीप जैसी आकृति को देखकर लोगों की निगाहें कुछ देर के लिए थम गईं। यह नजारा बेहद असामान्य दिखाई देता है, लेकिन मौसम विज्ञान में इसे एक प्राकृतिक मौसमी घटना माना जाता है। वाटरस्पाउट दरअसल पानी की सतह के ऊपर हवा का तेजी से घूमता हुआ स्तंभ होता है, जो ऊपर मौजूद बादलों से जुड़ा दिखाई देता है।
आमतौर पर जल बवंडर बड़ी झील, नदी या समुद्र जैसी जल सतह के ऊपर बनता है। देखने में ऐसा प्रतीत होता है कि पानी नीचे से खिंचकर आसमान की ओर जा रहा है, लेकिन वैज्ञानिक तौर पर तस्वीर थोड़ी अलग है। इस आकृति में दिखाई देने वाला अधिकांश पानी सीधे नीचे से ऊपर नहीं खिंचता। इसका बड़ा हिस्सा बादलों के भीतर होने वाली संघनन प्रक्रिया से बनता है।
जल बवंडर मुख्य रूप से दो तरह का माना जाता है। पहला तूफानी जल बवंडर, जो जमीन पर बनने वाले बवंडर की तरह शक्तिशाली और नुकसानदेह हो सकता है। दूसरा सामान्य मौसम में बनने वाला जल बवंडर होता है, जो अपेक्षाकृत कमजोर होता है और तट या जमीन से टकराते ही खत्म हो सकता है।
समस्तीपुर में दिखे इस जल बवंडर ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि मौसम और प्रकृति का मिजाज कितने अप्रत्याशित रूप ले सकता है। स्थानीय लोगों के लिए यह दृश्य जहां हैरत और कौतूहल का सबब बना, वहीं मौसम विज्ञान के लिहाज से भी यह घटना दिलचस्प रही।
कुलदीप भारद्वाज की रिपोर्ट