Bihar Crime: सुनसान सड़क पर लड़की को अकेला देख टूट पड़ा गुंडों का गिरोह, युवती से की छेड़खानी, लफंगों ने कबूलनामे में खोला ये खौफनाक राज

Bihar Crime: समस्तीपुर में लड़की के साथ गंदे काम ने न सिर्फ सनसनी फैला दी है वरन बेटियों की सुरक्षा को लेकर लोगों के पेशगी पर पसीना भी छलका दिया। अब घटना के तमाम पहलुओं से पर्दा सरकने लगा है....

Samastipur Harassment Case 4 Arrested Video Surfaces
लड़की को अकेला देख टूट पड़ा लुच्चा-लफंगा गिरोह- फोटो : reporter

Bihar Crime: सुनसान सड़क... नदी किनारे का इलाका... कैमरे में कैद होती तस्वीरें... और अचानक वहां पहुंचते दो युवक। इसके बाद जो हुआ, उसने समस्तीपुर में न सिर्फ सनसनी फैला दी वरन बेटियों की सुरक्षा को लेकर  लोगों के पेशगी पर पसीना भी छलका दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले युवती के साथ मौजूद युवक को मारपीट कर वहां से भगा दिया और फिर युवती को अकेला पाकर उसके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। युवती ने विरोध किया, शोर मचाया तो आसपास के लोग जुटने लगे और वह किसी तरह वहां से भाग निकली।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों विकास और राहुल ने पुलिस के समक्ष पूछताछ के दौरान घटना को लेकर जो बातें बताईं, उसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस के अनुसार दोनों लफंगों ने बताया कि 15 सितंबर को कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में उन्होंने एक युवक-युवती को सुनसान सड़क पर फोटो शूट करते देखा था। दोनों के पास पहुंचकर युवक के साथ मारपीट की गई और उसे वहां से भगा दिया गया। इसके बाद युवती को  पर पकड़ लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान वहां चाय दुकानदार रामबाबू सहनी और पीडीएस दुकान से जुड़े अवधेश पासवान भी पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने भी युवती के साथ बदसलूकी की। युवती के लगातार शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ आने लगे। भीड़ जुटती देख युवती वहां से भाग निकली।

घटना का वीडियो 22 सितंबर को सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आया। समस्तीपुर पुलिस को 23 सितंबर को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने तफ्तीश तेज की और वीडियो तथा उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। पुलिस ने विकास, राहुल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों तरफ करीब दो किलोमीटर तक घनी आबादी नहीं है। नदी किनारे का इलाका होने के कारण यहां का नजारा आकर्षक है और लोग अक्सर रुककर तस्वीरें खींचते हैं। लेकिन शाम ढलने के बाद सुनसान हो जाने के कारण सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर एक प्राथमिक विद्यालय भी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार विकास कुमार शर्मा की उम्र 34 वर्ष है और वह जगतसिंहपुर गांव का रहने वाला है। वह शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। पुलिस का कहना है कि विकास शराब से जुड़े मामले में पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस ने उसके भाई सुभाष कुमार शर्मा का भी आपराधिक इतिहास बताया है। पुलिस के अनुसार सुभाष करीब चार वर्ष पहले नौकरी के सिलसिले में तेलंगाना गया था, जहां एक सोना-चांदी की दुकान में काम करता था। वहां चोरी के आरोप के बाद उसे तेलंगाना पुलिस गिरफ्तार कर ले गई थी। पुलिस के मुताबिक, जेल से बाहर आने के बाद सुभाष पर सुपारी लेकर वारदात करने का आरोप लगा। एक मामले में युवती और उसके पति पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की बात सामने आई थी, जिसमें युवती की मौत हो गई थी और उसका पति घायल हुआ था। पुलिस के अनुसार निचली अदालत ने सुभाष को फांसी की सजा सुनाई है और उसके खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील लंबित है। फिलहाल वह जेल में बंद है।

दूसरा आरोपी राहुल पासवान 27 वर्ष का है। पुलिस के अनुसार वह विकास के संपर्क में था और उसके लिए  शराब की डिलीवरी करता था। राहुल के खिलाफ भी शराब से जुड़ा मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के मुताबिक, पूर्व में उसके घर से शराब बरामद हुई थी और उस मामले में उसकी मां व पत्नी को भी जेल जाना पड़ा था। फिलहाल वे जमानत पर बाहर बताए जा रहे हैं।

तीसरा आरोपी रामबाबू सहनी 36 वर्ष का है और गांव में चाय की दुकान चलाता है। पुलिस का आरोप है कि घटना के दौरान युवती के शोर मचाने के बाद वह मौके पर पहुंचा और लड़की के साथ बदसलूकी करने लगा। तो चौथा आरोपी अवधेश पासवान 55 वर्ष का है। पुलिस के मुताबिक, उसकी पत्नी के नाम पर गांव में पीडीएस दुकान संचालित होती है। आरोप है कि वह भी मौके पर पहुंचा और युवती के साथ कथित बदसलूकी में शामिल रहा।

चारों आरोपियों का सदर अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से चारों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में समस्तीपुर मंडल कारा भेज दिया गया। फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है और वीडियो, घटनास्थल तथा आरोपियों के बयानों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। सबसे बड़ा सवाल आखिर हम किस समाज में जी रहे हैं।