समस्तीपुर में बड़ी लूट: प्रियंका ज्वेलरी शॉप से 1 करोड़ से अधिक का सोना-चांदी साफ, फायरिंग कर भागे अपराधी

समस्तीपुर के खानपुर में अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान से एक करोड़ से अधिक के जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

समस्तीपुर में बड़ी लूट: प्रियंका ज्वेलरी शॉप से 1 करोड़ से अ

Samastipur -  जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के गाहर चौक पर शुक्रवार को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी लूट को अंजाम दिया। तीन नकाबपोश बदमाशों ने प्रियंका ज्वेलरी दुकान में घुसकर करीब 3 किलो सोना और 20 किलो चांदी लूट ली, जिसकी कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है। 

ग्राहक बनकर आए और तान दी पिस्टल

जानकारी के अनुसार, श्रीपुरगाहर पूर्वी पंचायत स्थित दुकान में दोपहर के वक्त तीन बदमाश ग्राहक बनकर दाखिल हुए। दुकान संचालक भोला साह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान दी और उन्हें बंधक बना लिया। बदमाशों ने दुकान में रखे जेवरातों को समेटा और विरोध करने पर दहशत फैलाने के लिए 4-5 राउंड हवाई फायरिंग की। वारदात को अंजाम देकर अपराधी बाइक से रोसड़ा की ओर फरार हो गए। 

आगजनी और सड़क जाम: पुलिस के खिलाफ फूटा गुस्सा

घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने रोसड़ा-हथौड़ी पथ को आगजनी कर जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि इलाके में पुलिस गश्त न के बराबर है। स्थिति बिगड़ती देख सदर डीएसपी-2 संजय कुमार मौके पर पहुंचे और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद जाम खुला। 

दो साल पहले भाई की हुई थी हत्या, अब लुटा परिवार

पीड़ित भोला साह के परिवार के लिए यह दोहरी मार है। बताया जाता है कि दो साल पहले भोला साह के बड़े भाई रघुवीर स्वर्णकार की भी अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। भाई की मौत के बाद भोला साह ने इस दुकान के जरिए परिवार का भरण-पोषण शुरू किया था, लेकिन इस बड़ी लूट ने परिवार को आर्थिक और मानसिक रूप से तोड़ दिया है। 

जांच में जुटी पुलिस और FSL की टीम

थानाध्यक्ष शिव पूजन कुमार ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए हैं। सदर डीएसपी ने बताया कि तकनीकी शाखा और FSL की टीम साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों के भागने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही लुटेरों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।