श्राद्ध भोज बना आफत: खाना खाते ही 15 लोग बीमार, मचा हड़कंप
समस्तीपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां श्राद्ध का भोज खाने से 15 लोग बीमार हो गए है। बीमार सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे है.......
Samastipur : जिले के धमौन गांव में सोमवार को एक श्राद्ध भोज के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भोज में शामिल करीब 15 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बीमार पड़ने वालों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायत के बाद तुरंत डॉक्टरी मदद की जरूरत पड़ी।
पूरी-सब्जी खाते ही बिगड़ी हालत: एक ही परिवार और रिश्तेदारों पर पड़ा असर
जानकारी के मुताबिक, गांव में आयोजित एक श्राद्ध कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने पारंपरिक पूरी-सब्जी खाई थी। भोजन करने के कुछ ही समय बाद एक-एक कर लोगों को बेचैनी और उल्टी-दस्त होने लगे। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से परिजनों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि प्रभावित लोगों में अधिकांश सदस्य एक ही परिवार और उनके नजदीकी रिश्तेदार हैं।
आनंद-फानन में अस्पताल पहुंचे मरीज: सीएचसी महनार में इलाज जारी
तबीयत बिगड़ते ही परिजनों ने बिना देर किए सभी मरीजों को तत्काल महनार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत इलाज शुरू कर दिया। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्यकर्मियों ने सभी मरीजों को प्राथमिक उपचार और ड्रिप आदि देकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
डॉक्टरों ने जताई फूड पॉयजनिंग की आशंका: मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अंकित राज ने मरीजों का परीक्षण करने के बाद बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला फूड पॉयजनिंग का लग रहा है। राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने के कारण फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति स्थिर बनी हुई है और उन्हें चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।
दूषित भोजन को लेकर उठे सवाल: गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म
एक साथ 15 लोगों के बीमार होने के बाद भोज में परोसे गए भोजन की गुणवत्ता और सफाई पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद से ही गांव में भोजन पकाने में इस्तेमाल की गई सामग्रियों और पानी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
रिषभ की रिपोर्ट