समस्तीपुर में व्यवसायी की हत्या, लोहे की रॉड सिर के आर-पार, पहले दी थी धमकी
समस्तीपुर में एक दिल दहलाने वाली घटना में पहले एक व्यवसायी को धमकी दी गई और उसके बाद उसकी निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई.
Murder in Bihar : समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सातनपुर पेठिया में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां दुकान को लेकर चल रहे पुराने विवाद में एक व्यवसायी की कथित रूप से हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 12 बजे के बाद की बताई जा रही है। मृतक की पहचान सातनपुर पेठिया निवासी मदन साह उम्र लगभग 40 वर्ष के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक मदन साह तंबाकू एवं ओल (जिमीकंद) का कारोबार करते थे। बताया जा रहा है कि दुकान को लेकर लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था और उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही थीं।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि राजा साह (पिता- सुनील साह), अमन कुमार (पिता- सुनील साह) तथा सुनील साह (पिता- स्वर्गीय रामदेव साह) द्वारा पहले भी जान से मारने की धमकी दी जाती थी। आरोप है कि शनिवार रात करीब 9 बजे राजा साह ने मृतक की 75 वर्षीय मां शकुंतला देवी के पास दुकान पर पहुंचकर धमकी दी थी कि उनके बेटे को गोली मार दी जाएगी। इसके बाद देर रात करीब 12 बजे के बाद मदन साह पर लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि हमले में लोहे की रॉड सिर के आर-पार हो गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। मृतक अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिजनों के अनुसार, बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उनकी पत्नी पर थी, जो पटना में रहकर परिवार का भरण-पोषण करती थीं।
सूचना मिलते ही उजियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजा कुमार उर्फ राजा साह को सातनपुर चौक से पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाना ले गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के पीछे दुकान विवाद और पुरानी रंजिश को मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोनू की रिपोर्ट