प्रेम विवाह का खौफनाक अंत: घरेलू विवाद में पत्नी ने पति के सीने में घोंपा चाकू, मौत

सारण जिला मुख्यालय के भगवान बाजार थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मामूली कहासुनी के बाद पत्नी ने फल विक्रेता पति के सीने में चाकू घोंप दिया। अस्पताल ले जाते समय पति की मौत हो गई।

husband murdered by wife family dispute saran
घरेलू विवाद में पत्नी ने पति के सीने में घोंपा चाकू- फोटो : Reporter

सारण जिले के भगवान बाजार थाना क्षेत्र स्थित शेख टोली फिदर बाजार में शुक्रवार को एक खौफनाक वारदात सामने आई। लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद ने ऐसा भयानक रूप लिया कि मामूली बहस के दौरान पत्नी ने पति पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल पति की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय मनीर के 32 वर्षीय पुत्र वकार युनुस उर्फ सोनू के रूप में हुई है, जो गुदरी बाजार में फल का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।


प्रेम विवाह का दुखद अंत, पांच मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

वकार युनुस ने कुछ वर्ष पूर्व मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महाराजगंज की रहने वाली जमीला खातून से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद परिवार में लगातार बढ़ते मनमुटाव के कारण सोनू अपने पैतृक घर को छोड़कर शेखटोली में ही एक किराए के मकान में रहने लगा था। वह अपनी पत्नी और पांच बच्चों (एक बेटा और चार बेटियां) के साथ अलग गुजर-बसर कर रहा था। लेकिन, प्यार के साथ शुरू हुई इस दांपत्य जिंदगी का अंत रोज-रोज के झगड़ों और कलह के कारण बेहद दुखद रहा।


सीने पर चाकू के वार से लहूलुहान हुआ पति, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुक्रवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद इस हद तक बढ़ गया कि पत्नी ने आपा खोकर घर में रखे फल काटने वाले चाकू से वकार के सीने पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने लहूलुहान वकार को तुरंत छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन घाव गहरा होने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


हरकत में आई पुलिस, आरोपी पत्नी हिरासत में लेकर जांच शुरू

घटना की खबर मिलते ही भगवान बाजार थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी जमीला खातून को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी पत्नी ने दावा किया है कि वकार ने झगड़े के दौरान खुद को ही चाकू मारकर आत्महत्या की है। फिलहाल पुलिस इस दावे और घटना के हर पहलू की वैज्ञानिक जांच कर रही है।


नशे की लत और उलझी शादियों का चक्रव्यूह बना तबाही का कारण

मामले की जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। वकार ने तीन शादियां की थीं—पहली पत्नी से तलाक हो चुका था और दूसरी की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी। तीसरी शादी जमीला (तलाकशुदा) से हुई, जिसके साथ भी अक्सर मारपीट होती थी। पुलिस हिरासत में पत्नी ने आरोप लगाया कि वकार शराब का आदी था और रोज नशे में धुत होकर मारपीट करता था। उसका कहना है कि घटना के दिन भी उसने नशे की हालत में खुद को चाकू मार लिया। पुलिस अब इन सभी आरोपों का सच सामने लाने में जुटी है।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट