सारण: मढ़ौरा में संदिग्ध परिस्थिति में पोल्ट्री फार्म संचालक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के पोझी बुजुर्ग गांव में एक पोल्ट्री फार्म संचालक (रौशन कुमार) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है।परिजनों का आरोप है कि भिंडी के खेत में बिछाए गए बिजली के करंट से उसकी मौत हुई है या यह एक सुनियोजित साजिश है।

chapra marhaura youth suspicious death
छपरा में युवक की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका- फोटो : Reporter

सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोझी बुजुर्ग गांव में शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान स्थानीय गांव के मदन सिंह के पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है, जो गांव में ही एक पोल्ट्री फार्म का संचालन करता था। रौशन का शव उसके अपने ही पोल्ट्री फार्म के पास पड़ा मिलने से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।


जन्मदिन पार्टी से नहीं लौटा वापस, मिली सिर्फ लाश और बाइक

घटना के संबंध में बताया जाता है कि रौशन कुमार गुरुवार की रात अपनी मोटरसाइकिल से गांव में ही आयोजित एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया था। जब वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने उसकी लाश पोल्ट्री फार्म के पास देखी। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर रौशन की बाइक भी खड़ी पाई गई, जिसने इस पूरी घटना को और अधिक रहस्यमयी और संदिग्ध बना दिया है।


परिजनों का गंभीर आरोप: खेत में बिछाए करंट से हुई मौत या सोची-समझी साजिश?

इस मामले में मृतक के परिजनों ने सीधे तौर पर हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने भिंडी के खेत की सुरक्षा के नाम पर चारों तरफ कटीले तारों की घेराबंदी कर रखी थी और उसमें अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित किया हुआ था। आशंका है कि रौशन उसी करंट की चपेट में आ गया। हालांकि, परिजन इसे महज एक हादसा मानने को तैयार नहीं हैं; उनका कहना है कि यह एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई हत्या है, जिसकी गहन जांच होनी चाहिए।


डीएसपी और पुलिस टीम मौके पर, वैज्ञानिक साक्ष्यों से खुलेगा राज

वारदात की सूचना मिलते ही मढ़ौरा के डीएसपी सुविंदर कुमार दास और स्थानीय थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। डीएसपी सुविंदर कुमार दास ने बताया कि पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गंभीरता से जांच कर रही है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल (FSL) जांच और अन्य तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आने के बाद ही हो सकेगा।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट