'अम्मी बचा लो' चिल्लाता रहा युवक, पुलिस वाहन पर बर्बरता का वीडियो वायरल; नीट प्रदर्शन में 2500 अज्ञात पर FIR

सारण पुलिस ने 4 FIR दर्ज कर 56 आरोपियों को जेल भेजा और 2500 से अधिक लोगों पर केस दर्ज किया है।इस बीच छपरा के थाना चौक का एक दर्दनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है,जिसमें पुलिस वाहन के बोनट पर युवक को पकड़कर लाठियां बरसाई जा रही हैं और युवक 'अम्मी..

Chapra viral video police
छपरा वायरल वीडियो..'अम्मी बचा लो' चिल्लाता रहा युवक- फोटो : Reporter

छपरा में 25 जुलाई को नीट परीक्षा के विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में सारण पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं, जिनमें 186 नामजद और करीब 2500 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अब तक 196 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिनमें से 56 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


सोशल मीडिया पर पुलिसिया बर्बरता का कथित वीडियो वायरल

कार्रवाई के बीच सोशल मीडिया पर एक बेहद दर्दनाक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो कथित तौर पर छपरा शहर के थाना चौक रोड का बताया जा रहा है। रात के अंधेरे में रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में पुलिस वाहन के बोनट पर दो लोग एक युवक को कसकर पकड़े हुए दिख रहे हैं, जबकि एक अन्य शख्स उस पर ताबड़तोड़ लाठियां बरसा रहा है।


'अम्मी बचा लो' चिल्लाता रहा युवक, बरसती रहीं लाठियां

वायरल वीडियो में पुलिस की लाठियों का शिकार बन रहा युवक दर्द से कराहते हुए "अम्मी हमको बचा लो" चिल्लाता रहा, लेकिन इसके बावजूद उस पर तरस खाए बिना लाठियां बरसाई जाती रहीं। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूज़र्स के बीच काफी आक्रोश देखा जा रहा है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।


वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस जांच और विभागीय कार्रवाई की मांग

वायरल वीडियो सामने आने के बाद सारण पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले और सामने आए साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट