कारगिल विजय दिवस पर गूंजा मकेर: शहीद बिशुनी राय को नमन, 'एक पेड़ शहीद के नाम' अभियान से दिया गया संदेश

कारगिल विजय दिवस पर छपरा के मकेर स्थित राजेंद्र विद्या मंदिर में शहीद बिशुनी राय की याद में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान एथलेटिक्स प्रतियोगिता, 'एक पेड़ शहीद के नाम' पौधरोपण और राजकीय कार्यक्रम की मांग की गई।

kargil martyr bishuni rai tribute maker saran
कारगिल विजय दिवस पर गूंजा मकेर: शहीद बिशुनी राय को नमन- फोटो : Reporter

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर छपरा के मकेर स्थित राजेंद्र विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में कारगिल शहीद बिशुनी राय की स्मृति में भव्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। मकेर प्रखंड के बथुई गांव निवासी शहीद बिशुनी राय इसी विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र रहे हैं। इस अवसर पर शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। पूरा परिसर "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के नारों से गूंज उठा।


राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान और सरकारी आयोजन की मांग

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कारगिल युद्ध में देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद बिशुनी राय ने अपने प्राणों की बाजी लगा दी। उनका यह अदम्य साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। इस दौरान उपस्थित लोगों और जनप्रतिनिधियों ने राज्य सरकार व जिला प्रशासन से मांग की कि शहीद बिशुनी राय की याद में हर वर्ष सरकारी स्तर पर भव्य राजकीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाए।

युवाओं में राष्ट्रप्रेम जगाने के लिए भव्य एथलेटिक्स प्रतियोगिता

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत विद्यालय परिसर के खेल मैदान में भव्य एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया, जिसमें दौड़, ऊंची कूद और लंबी छलांग जैसी कई स्पर्धाएं शामिल थीं। छात्र-छात्राओं ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि इस खेल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में शारीरिक दक्षता, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को बढ़ावा देना है।


'एक पेड़ शहीद के नाम' अभियान के तहत किया गया पौधरोपण

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए "एक पेड़ शहीद के नाम" विशेष अभियान की शुरुआत की गई। उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार हमारे वीर जवान प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और पर्यावरण की रक्षा करे।


उत्कृष्ट खिलाड़ियों का सम्मान और शहीद के आदर्शों पर चलने का संकल्प

समारोह के समापन अवसर पर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं आए हुए अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट किए गए। अंत में विद्यालय परिवार और उपस्थित ग्रामीणों ने यह संकल्प लिया कि शहीद बिशुनी राय के बलिदान और आदर्शों की गाथा को नई पीढ़ी तक निरंतर पहुंचाया जाएगा ताकि युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट