इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, होटल में पकड़े गए; फिर ग्रामीणों ने मंदिर ले जाकर रचा दी शादी!
बिहार के सारण में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई प्रेम कहानी का अनोखा अंत,गड़खा के एक होटल में चुपके से मिलने पहुंचे प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों ने पकड़ा,फिर मढ़ौरा के प्रसिद्ध गढ़देवी मंदिर में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दोनों की धूमधाम से शादी करा दी गई
सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र के खानपुर निवासी रोहित कुमार दीप और सिरसा राई की रहने वाली लाली कुमारी के बीच पिछले दो साल से गहरा प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस आधुनिक दौर के प्रेमी जोड़े की प्रेम कहानी की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत का यह सिलसिला प्यार में बदल गया और दोनों एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाने लगे।
होटल में मिलने पहुंचे प्रेमी जोड़े को ग्रामीणों ने पकड़ा
बीते गुरुवार को यह प्रेमी जोड़ा अपने घरवालों से नजरें बचाकर चुपके-चुपके मिलने के लिए गड़खा के एक होटल में पहुंचा था। दोनों को साथ में समय बिताते हुए लाली के गांव के रहने वाले चंदन चौधरी ने देख लिया। चंदन ने बिना देर किए इसकी भनक लड़की के माता-पिता को दे दी। सूचना मिलते ही लड़की के परिजन और कुछ अन्य ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद होटल में काफी हो-हल्ला और हंगामा हुआ।
सरपंच और जनप्रतिनिधियों ने लिया शादी का फैसला
होटल में मचे हंगामे के बाद मामले को शांत कराने के लिए लड़की के गांव के सरपंच सुरेंद्र राय उर्फ टीपन राय आगे आए। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए कुछ अन्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से एक बड़ा फैसला लिया। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ाने के बजाय, उन्होंने सर्वसम्मति से इस प्रेमी जोड़े की आपस में शादी कराने का निर्णय ले लिया ताकि मामले का एक सम्मानजनक समाधान निकल सके।
प्रसिद्ध गढ़देवी मंदिर में संपन्न हुई अनोखी शादी
फैसले के मुताबिक, दोपहर के बाद प्रेमी जोड़े को मढ़ौरा के प्रसिद्ध गढदेवी मंदिर लाया गया। मंदिर परिसर में दोनों की पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रस्मों-रिवाजों के साथ शादी करा दी गई। दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और हमेशा के लिए एक-दूजे के हो गए। इस शादी की खास बात यह रही कि इसमें लड़की के माता-पिता और उनके परिवार के लोग भी शामिल हुए, जबकि लड़के के परिजनों को भी इस पूरे मामले की सूचना दे दी गई थी।

गवाह बने स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि
इस अनोखी और झटपट हुई शादी को देखने के लिए मंदिर में भारी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। शादी के इस मौके पर मुख्य रूप से स्थानीय सरपंच सुरेंद्र कुमार उर्फ टीपन राय, पंचायत समिति सदस्य मनोज सिंह, सूचना देने वाले चंदन चौधरी, ललन माझी और मोहर माझी समेत दर्जनों महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़े को नए जीवन की शुरुआत के लिए अपना आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।
छपरा से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट