FIR के बाद होटल में किया निकाह, दहेज में पटना में मांग रहा मकान; सारण दारोगा पर गंभीर आरोप,पीड़िता ने SSP से लगाई न्याय की गुहार
सारण जिले के भगवान बाजार थाना में पदस्थापित दारोगा मो. आसिफ पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण और फिर निकाह के बाद दहेज में पटना में मकान मांगने का गंभीर आरोप लगा है। नालंदा निवासी पीड़िता ने सारण SSPरोशन कुमार और DGP न्याय व सुरक्षा की मांग की है।
सारण जिले के भगवान बाजार थाना में पदस्थापित दारोगा मो. आसिफ पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता ने गुरुवार को सारण के पुलिस कप्तान (SSP) रोशन कुमार से मुलाकात कर न्याय और सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। इसके साथ ही पीड़ित महिला ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) को भी आवेदन भेजकर मदद की मांग की है। बताया जा रहा है कि पीड़िता मूल रूप से नालंदा जिले की रहने वाली है।
ट्रेनिंग के दौरान संपर्क और यौन शोषण का आरोप
पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात मो. आसिफ से तब हुई थी जब वह बिहार पुलिस में दारोगा के पद पर चयन के बाद नालंदा के छबिलापुर ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण ले रहा था। आरोप है कि ट्रेनिंग के दौरान दारोगा ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। हालांकि, ट्रेनिंग खत्म होने के बाद दारोगा ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने नालंदा महिला थाना में (कांड संख्या 150/2025) प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

गिरफ्तारी से बचने के लिए होटल में किया निकाह
आवेदन के मुताबिक, एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी के डर से दारोगा ने 25 दिसंबर 2025 को राजगीर के एक निजी होटल में युवती से निकाह कर लिया। निकाह का हवाला देकर दारोगा ने अदालत से अग्रिम जमानत हासिल कर ली। पीड़िता का आरोप है कि जमानत मिलते ही दारोगा के तेवर पूरी तरह से बदल गए और उसने महिला को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।

दहेज में पटना में मकान की मांग और धमकी
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जमानत मिलने के बाद दारोगा उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। यही नहीं, आरोपी दारोगा अब दहेज के रूप में पटना में एक मकान की मांग कर रहा है। मांग पूरी न होने पर उसने महिला को छोड़ देने और दूसरी शादी करने की लगातार धमकी भी दी है, जिससे परेशान होकर पीड़िता को उच्च अधिकारियों का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

मामले की जांच और पुलिस की कार्रवाई का आश्वासन
सारण एसएसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता ने पुलिस कप्तान को अपनी आपबीती सुनाते हुए सुरक्षा और इंसाफ की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सारण एसएसपी रोशन कुमार ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में प्रशासनिक अनुशासन और आरोपी दारोगा पर कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट