सारण में मौत बनकर दौड़ी बेकाबू स्कॉर्पियो, एक की मौके पर मौत, दो गंभीर, चालक गाड़ी समेत फरार

Bihar News:एकमा थाना क्षेत्र में बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क पर जमकर तांडव मचाया। पहले बाइक और एक राहगीर को जोरदार टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे बैठे दो लोगों को भी रौंद डाला।

Speeding Scorpio Kills One Injures Two in Saran Hit and Run
सारण में मौत बनकर दौड़ी बेकाबू स्कॉर्पियो- फोटो : reporter

Bihar News:बिहार के सारण जिले में शनिवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एकमा थाना क्षेत्र में बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क पर जमकर तांडव मचाया। पहले बाइक और एक राहगीर को जोरदार टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे बैठे दो लोगों को भी रौंद डाला। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद चालक स्कॉर्पियो समेत अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों के अनुसार हादसा एकमा हाई स्कूल के समीप हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और सबसे पहले एक मोटरसाइकिल तथा एक राहगीर को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे बैठे दो अन्य लोगों को भी कुचल दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक चालक वाहन लेकर फरार हो चुका था।

मृतक की पहचान एकमा थाना क्षेत्र के पांडेपुर (चंचौरा) गांव निवासी अमलेश प्रसाद के रूप में हुई है। वहीं हादसे में हंसराजपुर गांव निवासी उपेंद्र सिंह और संतोष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल एक निजी नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा रेफर कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है।

पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक नतीजों को सामने ला दिया है।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार