Bihar News: ट्यूशन से लौटे तीन किशोर तालाब में नहाने उतरे, डूबने से दो की मौत, तीसरे की तलाश जारी

Bihar News: तालाब में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई। तीनों किशोर ट्यूशन पढ़ कर घर लौट रहे थे। ...

Bihar News: ट्यूशन से लौटे तीन किशोर तालाब में नहाने उतरे, ड
डूबने से दो किशोर की मौत- फोटो : reporter

Bihar News: सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने झकझोड कर रख दिया है। जहां तालाब में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई। तीनों किशोर ट्यूशन पढ़ कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तालाब के घाट पर साइकिल खड़ी कर नहाने के लिए पानी में उतर गए। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में समा गए। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरातफरी मच गई। अभी तक एसडीआरएफ की टीम ने दो किशोरों के शव बरामद कर लिया है। जबकि तीसरे की तलाश अभी भी जारी थी। मृतकों की पहचान सहाजितपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा गांव निवासी कमलेश सिंह के 14 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु कुमार, सुशील कुमार सिंह के 12 वर्षीय पुत्र अंश कुमार और सोनू कुमार के 12 वर्षीय पुत्र नवनीत कुमार के रूप में हुई है। बरामद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है।

साइकिल और बैग से हुआ अनहोनी का अंदेशा

घटना के संबंध में बताया जाता है कि तीनों किशोर ट्यूशन से पढ़ाई कर लौट रहे थे। इसी बीच रास्ते में गांव के तालाब के घाट पर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी साइकिल खड़ी कर दी। इसके बाद बैग और कपड़े घाट पर रखकर तीनों तालाब में स्नान करने चले गए। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। उधर, काफी देर तक जब तीनों किशोर घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू कर दी। इसी बीच तालाब के घाट पर राहगीरों की नजर खड़ी साइकिल और वहां रखे बैग पर पड़ी। घाट पर किसी किशोर को नहीं देखकर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। बैग की जांच करने पर उसमें दिव्यांशु का स्कूल आई कार्ड मिला। इसके बाद उसकी पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी गई।

घाट पर पहुंचते ही मच गई चीख- पुकार

हादसे की जानकारी मिलते ही तीनों किशोरों के परिजन तालाब के घाट पर पहुंचे। वहां साइकिल, बैग और कपड़े पड़े देखकर परिवार के लोगों का रो- रोकर बुरा हाल हो गया। देखते ही देखते घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। परिजनों ने बताया कि तीनों किशोर ट्यूशन से लौटने के दौरान तालाब में नहाने के लिए चले गए थे। हालांकि इस घटना की सूचना मिलने के बाद सहाजितपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। तालाब में तीन किशोरों के डूबने की पुष्टि होने के बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने तालाब में तलाशी अभियान शुरू किया। 

एक- एक कर मिले दो शव

एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से तालाब में काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया। काफ़ी मशक्कत के बाद दिव्यांशु कुमार और अंश कुमार के शव को तालाब से बरामद कर लिया गया। दोनों शवों को बाहर निकाले जाने के बाद परिजनों में चीख- पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है। वहीं, तीसरे किशोर नवनीत कुमार का अभी तक पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ की टीम तालाब में उसकी तलाश में जुटी रही। घटना के बाद पिपरा गांव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ तीन परिवारों पर टूटे इस दुख से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। पढ़ाई के बाद घर लौट रहे तीन किशोरों के तालाब में नहाने के दौरान डूबने की घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी