Bihar News : सासाराम स्टेशन पर समय से 21 मिनट पहले खुली पुरी-आनंद विहार एक्सप्रेस, यात्रियों में दिखा आक्रोश, स्टेशन मास्टर ने बताई गार्ड की गलती

Bihar News : सासाराम रेलवे स्टेशन पर पुरी-आनंद विहार एक्सप्रेस निर्धारित समय से 21 मिनट पहले खुल गयी. इस मामले को लेकर यात्रियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए शिकायत दर्ज करायी है......पढ़िए आगे

Bihar News : सासाराम स्टेशन पर समय से 21 मिनट पहले खुली पुरी
यात्रियों की छुटी ट्रेन - फोटो : SOCIAL MEDIA

SASARAM : बिहार के रोहतास जिले के सासाराम रेलवे स्टेशन पर शनिवार को रेलवे की कार्यप्रणाली को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब पुरी-आनंद विहार एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18427) अपने निर्धारित समय से पहले ही स्टेशन से रवाना हो गई। ट्रेन के अचानक पहले खुल जाने से कई यात्रियों की यात्रा अधूरी रह गई और उन्हें स्टेशन पर ही छूट जाना पड़ा। घटना के बाद यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। यात्रियों ने रेलवे की इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए स्टेशन प्रबंधन से शिकायत की। मिली जानकारी के अनुसार, पुरी-आनंद विहार एक्सप्रेस का सासाराम रेलवे स्टेशन पर निर्धारित प्रस्थान समय रात 11 बजकर 06 मिनट है। यात्री इसी समय के अनुसार स्टेशन पहुंचकर ट्रेन पकड़ने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन यात्रियों का आरोप है कि ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 21 मिनट पहले ही रात 10 बजकर 45 मिनट पर स्टेशन से रवाना हो गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जो यात्री समय से ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचे थे, उन्हें प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद पता चला कि उनकी ट्रेन पहले ही रवाना हो चुकी है। अचानक ट्रेन छूट जाने से यात्री हैरान और परेशान हो गए। कई यात्रियों को समझ में नहीं आया कि आखिर निर्धारित समय से पहले ट्रेन कैसे खुल गई। इस घटना के बाद सासाराम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बीच नाराजगी बढ़ गई। पीड़ित यात्रियों ने स्टेशन प्रबंधन के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई और सवाल उठाया कि जब ट्रेन का निर्धारित समय रात 11:06 बजे है, तो आखिर उसे 10:45 बजे ही क्यों रवाना कर दिया गया? यात्रियों का कहना है कि रेलवे की समय-सारणी के भरोसे स्टेशन पहुंचने वाले लोगों के लिए इस तरह ट्रेन का पहले खुल जाना बेहद परेशानी भरा है।

स्टेशन मास्टर ने गार्ड की गलती बताई

पूरे मामले को लेकर जब सासाराम रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर जितेंद्र कुमार से जानकारी ली गई, तो उन्होंने ट्रेन के समय से पहले खुलने के मामले में ट्रेन के गार्ड की गलती बताई। हालांकि, इस घटना को लेकर रेलवे की ओर से विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आना बाकी है। वहीं, घटना के बाद रात में रेलवे के अन्य अधिकारी भी इस मामले पर कुछ स्पष्ट बताने से बचते नजर आए। ऐसे में यात्रियों के मन में कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर ट्रेन को निर्धारित समय से पहले रवाना करने की अनुमति किसने दी और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है?

यात्रियों ने उठाए रेलवे की व्यवस्था पर सवाल

रेलवे में ट्रेनों के परिचालन को लेकर समय-सारणी का पालन बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। खासकर लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्री निर्धारित समय के अनुसार ही स्टेशन पहुंचते हैं। ऐसे में अगर कोई ट्रेन अपने निर्धारित समय से पहले रवाना हो जाती है, तो यात्रियों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ सकती है।

कार्रवाई का इंतजार

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या रेलवे इस मामले की जांच कराएगा? क्या समय से पहले ट्रेन रवाना होने के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी? और जिन यात्रियों की ट्रेन छूट गई, उन्हें रेलवे की ओर से कोई राहत या मुआवजा मिलेगा? फिलहाल, सासाराम रेलवे स्टेशन पर पुरी-आनंद विहार एक्सप्रेस के निर्धारित समय से पहले खुलने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। यात्रियों को अब रेलवे के उच्च अधिकारियों की जांच और आधिकारिक जवाब का इंतजार है।

रंजन की रिपोर्ट