Bihar News : शेखपुरा में दमकल गाड़ी की चपेट में आने से महिला की हुई मौत, छठ मनाने नानीघर जा रहे बच्चों की खुशियां मातम में बदलीं

Bihar News : बिहार के शेखपुरा जिले में प्रखंड कार्यालय के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में दमकल गाड़ी की चपेट में आने से सजनी देवी नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई.....पढ़िए आगे

Bihar News : शेखपुरा में दमकल गाड़ी की चपेट में आने से महिला
महिला की मौत - फोटो : UMESH

SHEKHPURA : शहर के प्रखंड कार्यालय के समीप गुरुवार को दमकल गाड़ी की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी 12 वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हादसे में महिला के अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं। मृतका की पहचान बाजितपुर गांव निवासी रंजू मांझी की पत्नी सजनी देवी के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं छठ पर्व की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सजनी देवी अपने चार बच्चों के साथ शेखपुरा रेलवे स्टेशन जा रही थी। वहां से ट्रेन पकड़कर उसे लखीसराय होते हुए किऊल नदी के समीप घुसकुंडी गांव स्थित अपने मायके पहुंचना था, जहां वह छठ पर्व में शामिल होने वाली थी। इसी दौरान प्रखंड कार्यालय के समीप तेज रफ्तार दमकल गाड़ी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में उसकी 12 वर्षीय पुत्री स्वीटी कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गई, जबकि अन्य बच्चों को मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल गाड़ी को जब्त कर लिया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, घायल बच्ची के उपचार की व्यवस्था की गई।

हादसे की जानकारी मिलने पर यातायात डीएसपी ऋषभ कुमार, एएसपी डॉ. राकेश कुमार तथा टाउन थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

इधर, घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस मां के साथ चारों बच्चे ननिहाल में छठ पर्व मनाने जा रहे थे, वह रास्ते में ही हमेशा के लिए उनका साथ छोड़ गई। इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने दमकल गाड़ी के चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि दमकल गाड़ी की तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ।

उमेश की रिपोर्ट