Bihar News : सिवान डीएम ने छठ महापर्व को लेकर की हाई-लेवल मीटिंग, अधिकारियों को दिए कई निर्देश, तीन एजेंसियों को जारी किया शो-कॉज नोटिस

Bihar News : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की.....पढ़िए आगे

Bihar News : सिवान डीएम ने छठ महापर्व को लेकर की हाई-लेवल मी
छठ पूजा की तैयारी - फोटो : TABISH

SIWAN : छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को डीएम विजय प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में समाहरणालय के संवाद कक्ष में समीक्षा बैठक हुई। इसमें घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।

डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को छठ घाटों का सुबह-शाम निरीक्षण करने और तैयारियों की नियमित निगरानी करने को कहा। घाटों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, चेंजिंग रूम, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और मेडिकल टीम के साथ एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

सफाई कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए तीन एजेंसियों एमएस किंग सिक्योरिटी गार्ड सर्विस, एमएस टेकनो फैसिलिटी एंड मैनेजमेंट सर्विसेज और एमएस सर्जिकल सिक्योरिटी एंड कंसलटेंसी को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। वहीं, छठ व्रतियों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से निःशुल्क ई-रिक्शा सेवा चलाई जाएगी। इससे बुजुर्ग, गर्भवती और दिव्यांग व्रतियों को घाटों तक आने-जाने में मदद मिलेगी।

प्रशासन ने बताया कि 15 नवंबर सुबह 10 बजे से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। डीएम ने स्पष्ट किया कि छठ की तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट