Bihar Crime : सिवान में घर में सो रहे युवक की गला दबाकर हुई हत्या, परिजनों ने पट्टीदारों पर लगाया आरोप

Bihar Crime : सिवान में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कृष्णा प्रसाद सोनी के 18 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार सोनी के रूप में हुई है।

Bihar Crime : सिवान में घर में सो रहे युवक की गला दबाकर हुई
युवक की हत्या - फोटो : TABISH

SIWAN : जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के माधर पांडेय मोड़ के समीप एनएच-331 के किनारे रविवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कृष्णा प्रसाद सोनी के 18 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार सोनी के रूप में हुई है। परिजनों ने जमीन विवाद को हत्या की वजह बताते हुए अपने ही पट्टीदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिजनों में मचा कोहराम 

परिजनों के अनुसार, सौरभ रविवार रात अपने माता-पिता और दो छोटे बच्चों के साथ घर में सोया था। देर रात घर में घुसे लोगों ने कमरे में सौरभ की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। सोमवार सुबह कमरे में उसका शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

गले पर दबाव के निशान, सिर पर भी चोट

परिजनों के मुताबिक सौरभ के गले पर दबाव के काले निशान मिले हैं, जबकि सिर पर चोट के निशान भी बताए गए हैं। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार का कहना है कि करीब 11 धुर जमीन को लेकर सौरभ के पिता कृष्णा प्रसाद सोनी और उनके भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों ने इसी जमीन विवाद को हत्या की संभावित वजह बताते हुए पट्टीदारों पर आरोप लगाया है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

दरवाजे की कुंडी भी टूटी मिली

घटना की सूचना मिलने पर भगवानपुर हाट थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने कमरे तथा आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया। घर के दरवाजे की कुंडी अंदर से टूटी हुई मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने एफएसएल टीम को सूचना दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद मौत की वास्तविक वजह तथा घटना की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होगी।

दो बहनों का इकलौता भाई था सौरभ

सौरभ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और दो बहनों का इकलौता भाई था। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। भाई की हत्या की खबर मिलते ही दोनों बहनें मायके पहुंचीं। शव देखते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

ताबिश इरशाद की रिपोर्ट