सिवान में पहली बार 'रोजगार सेतु पोर्टल' से लगा जिला स्तरीय नियोजन मेला, 483 युवाओं का ऑन द स्पॉट चयन

सिवान में पहली बार 'रोजगार सेतु पोर्टल' से लगा जिला स्तरीय न
जॉब फेयर में 483 युवाओं का ऑन द स्पॉट चयन- फोटो : ताबिश इरशाद

Siwan :  जिले में युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय द्वारा वी.एम. हाई स्कूल मैदान में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। 14 अगस्त 2026 को आयोजित इस मेले की सबसे खास बात यह रही कि जिले में पहली बार पूरी प्रक्रिया बिहार सरकार के नव-विकसित 'रोजगार सेतु पोर्टल' के माध्यम से ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से संचालित की गई।


अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया मेले का उद्घाटन

मेले का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथियों—अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) इश्तेयाक अली अंसारी, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी सुजीत कुमार, सहायक निदेशक नियोजन (सारण प्रमंडल) भरत जी और जिला नियोजन पदाधिकारी सुमित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक उद्योग विवेक कुमार तथा श्रम प्रवर्तन अधिकारियों समेत कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।


2,650 अभ्यर्थियों की जुटी भीड़, 24 निजी कंपनियों ने दी नौकरियां

मेले में रोजगार की तलाश में पहुंचे युवाओं में भारी उत्साह देखा गया और कुल 2,650 अभ्यर्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। निजी क्षेत्र की 24 नामी कंपनियों ने स्टॉल लगाए, जहां 1,305 अभ्यर्थियों ने अपने बायोडाटा जमा किए। गहन साक्षात्कार और स्क्रीनिंग के बाद कुल 483 योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर ही (ऑन द स्पॉट) औपबंधिक चयन कर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।


सरकारी योजनाओं, स्टार्टअप और टूल किट की दी गई विस्तृत जानकारी

मेले में निजी कंपनियों के अलावा जीविका, आरसेटी, कृषि विभाग (ATMA) और जिला उद्योग केंद्र सहित 9 विभागीय स्टॉल लगाए गए। जिला नियोजन पदाधिकारी सुमित कुमार सिंह और अधिकारियों ने छात्रों को बिहार कौशल विकास मिशन, मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता भत्ता, स्टार्टअप नीति तथा स्टडी किट व टूल किट जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन किया।


अधिकारियों ने युवाओं से रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीकरण कराने का किया आह्वान

कार्यक्रम का सफल संचालन जिला कौशल प्रबंधक राहुल कुमार ने किया। जिला बंदोबस्त पदाधिकारी सुजीत कुमार ने जिले के सभी युवाओं से अपील की कि वे जिला नियोजनालय आकर 'रोजगार सेतु पोर्टल' पर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं ताकि भविष्य में मिलने वाले रोजगार अवसरों का लाभ उठा सकें। इस दौरान विभागीय कर्मियों और अधिकारियों की उपस्थिति में युवाओं ने विभिन्न स्वरोजगार और लोन योजनाओं में गहरी रुचि दिखाई।


ताबिश इरशाद की रिपोर्ट