महिलाओं को झांसा देकर गहने और नकदी ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश: तीन गिरफ्तार, 6 लाख नकद और भारी मात्रा में आभूषण बरामद
सीवान जिले मैरवा पुलिस ने महिलाओं को बहला-फुसलाकर और झांसा देकर उनके गहने व रुपये ठगने वाले एक शातिर ठग गिरोह का पुलिस ने सफल भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है.....
Siwan : जिले के मैरवा थाना क्षेत्र में महिलाओं को बहला-फुसलाकर और झांसा देकर उनके गहने व रुपये ठगने वाले एक शातिर ठग गिरोह का पुलिस ने सफल भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से छह लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और भारी मात्रा में सोने-चांदी जैसे दिखने वाले आभूषण जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह मुख्य रूप से महिलाओं को निशाना बनाकर उनके साथ ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।
गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी, भागने की कोशिश कर रहा आरोपी दबोचा
सीवान पुलिस अधीक्षक कार्यालय दी गई जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को मैरवा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति पीठ पर बैग लादकर मैरवा रेलवे स्टेशन और उसके पास स्थित काली मंदिर के आसपास संदिग्ध हालात में घूम रहे हैं और पुलिस वाहन को देखकर छिपने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान भागने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध को पुलिस बल की मदद से धर दबोचा गया।
पूछताछ में हुआ ठगी के अनोखे तौर-तरीके और नेटवर्क का खुलासा
पकड़े गए आरोपी की पहचान लालजी कुमार (निवासी नया जान टोला, गुड़री, थाना भगवान बाजार, जिला सारण) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह चार लोगों के एक संगठित गिरोह का हिस्सा है जो महिलाओं को ठगता है। उसकी निशानदेही पर दो अन्य सदस्यों—गुड्डू कुमार (निवासी बेथुआरा रोड, थाना उभाव, बलिया, उत्तर प्रदेश) और राजकुमार डोम (निवासी बहेरौली, थाना मशरख, जिला सारण) की भी पहचान हुई और उन्हें पकड़ा गया। ये सभी आरोपी सीवान, सारण और उत्तर प्रदेश के इलाकों से जुड़े हुए हैं और मैरवा बाजार में महिलाओं को ठगने के इरादे से पहुंचे थे।
6 लाख नकद और सैकड़ों ग्राम वजन के आभूषण जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तलाशी के दौरान पीली धातु (सोने) जैसे दिखने वाले आभूषणों (मंगलसूत्र, हार, चेन, झुमके, अंगूठियां, नथिया, टॉप्स आदि) का कुल 220.07 ग्राम वजन और सफेद धातु (चांदी) जैसे दिखने वाले आभूषणों (पायल आदि) का 214.2 ग्राम वजन बरामद किया है। इसके अलावा 500 रुपये के नोटों की छह गड्डियों के रूप में कुल छह लाख रुपये नकद और पांच एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
मैरवा थाने में प्राथमिकी दर्ज, पुराना आपराधिक इतिहास भी आया सामने
इस मामले में मैरवा थाना कांड संख्या 474/26, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन आरोपियों के खिलाफ मैरवा थाने में पहले से भी दो मामले (कांड संख्या 390/26 और कांड संख्या 345/26) धारा 303(2) और 318(4) के तहत दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
ताबिश इरशाद की रिपोर्ट