Bihar Crime : सिवान में अपराधियों ने पुलिस को दी चुनौती, थाने के समीप ज्वेलरी दुकान से लूटे 25 लाख के जेवरात, लोगों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

Bihar Crime : सिवान में अपराधियों ने पुलिस को दी चुनौती, थान

SIWAN : जिले के बसंतपुर बाजार में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान में करीब 25 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार 6 हथियारबंद अपराधियों ने गन पॉइंट पर दुकान मालिक और ग्राहकों को बंधक बनाकर इस घटना को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार अरुण ज्वेलर्स के मालिक अरविंद सोनी ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे छह अपराधी बाइक से पहुंचे, जिनमें से चार का चेहरा ढका हुआ था। अपराधियों ने दुकान में घुसते ही हथियार के बल पर सभी को चुप रहने की धमकी दी और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण व करीब 5–6 लाख रुपये नकद बोरे में भरकर फरार हो गए। पूरी वारदात करीब 20 मिनट में अंजाम दी गई।

बताया जा रहा है कि दुकान में करीब 12 किलो ज्वेलरी थी, जिसमें से लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और नकदी लूट लिए गए। हैरानी की बात यह है कि यह घटना थाने के ठीक बगल में हुई, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सीवान–पटना मुख्य मार्ग को जाम कर सड़क पर आगजनी करते हुए प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सूचना मिलने पर सिवान के एसपी पूरन कुमार झा और महाराजगंज एसडीपीओ अमन मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। एसपी ने कहा कि घटना के समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और पेट्रोलिंग व्यवस्था की भी जांच की जा रही है। यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट