Bihar News : सिवान में मौनिया बाबा मेले में सांसद के एस्कॉर्ट वाहन में तोड़फोड़, पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार, 150 अज्ञात पर FIR दर्ज
Bihar News : सिवान जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में आयोजित मौनिया बाबा मेले के दौरान सांसद के एस्कॉर्ट वाहन में तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है......पढ़िए आगे
SIWAN : जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में चल रहे मौनिया बाबा मेले के दौरान सांसद के स्कॉर्ट वाहन में तोड़फोड़ और तेज आवाज में डीजे बजाने व ऑर्केस्ट्रा कराने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि करीब 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बताया जा रहा है की 11 सितंबर की रात महाराजगंज थाना क्षेत्र में राजेंद्र चौक से करीब 200 मीटर पूर्व दुर्गा मंदिर के पास ऑर्केस्ट्रा जुलूस में शामिल कुछ लोगों द्वारा सांसद के स्कॉर्ट वाहन के शीशे पर लाठी-डंडे से प्रहार कर उसे क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही महाराजगंज थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में उनकी पहचान आयुष कुमार साह, पिता अरुण साह; रितेश कुमार, पिता स्व. विजय प्रसाद; और सन्नी सिंह, पिता विनोद सिंह, सभी निवासी महुअरी, थाना महाराजगंज, जिला सिवान के रूप में हुई। पुलिस टीम ने मौके पर यह भी पाया कि मेले में डीजे और ऑर्केस्ट्रा का संचालन किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक सरकारी आदेश एवं निर्धारित शर्तों के उल्लंघन तथा तेज आवाज में अश्लील गाने के साथ डीजे एवं ऑर्केस्ट्रा संचालित करने के आरोप में तीनों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों के अलावा डीजे-ऑर्केस्ट्रा के संचालकों एवं सदस्यों समेत करीब 100 से 150 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में आगे की कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में जारी होने की बात पुलिस ने कही है। सिवान पुलिस के अनुसार, मेले के दौरान सरकारी आदेशों एवं निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट