Bihar News : सिवान AK-47 फायरिंग मामला: घायल आरिफ और बुलेट राहुल गांधी से करेंगे मुलाकात, ट्रेन से दिल्ली हुए रवाना

Bihar News : सिवान AK 47 फायरिंग कांड में घायल हुए दो युवक मोहम्मद आरिफ और बुलेट कुमार लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने के लिए दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

Bihar News : सिवान AK-47 फायरिंग मामला: घायल आरिफ और बुलेट र
दिल्ली रवाना हुए पीड़ित - फोटो : TABISH

SIWAN : 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान सिवान में हुए छात्र प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई के दौरान AK-47 से फायरिंग का मामला एक बार फिर चर्चा में है। घटना में घायल हुए मोहम्मद आरिफ और बुलेट कुमार बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात करने के लिए सिवान से ट्रेन के माध्यम से रवाना हुए। उनके साथ जाने वालों में जिला परिषद सदस्य अरविंद यादव भी शामिल हैं। दोनों की राहुल गांधी से गुरुवार दोपहर मुलाकात प्रस्तावित है।

दरअसल, 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान सिवान के गांधी मैदान से छात्र और युवा संगठनों के कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए जेपी चौक की ओर बढ़े थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की स्थिति बनी। पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ में AK-47 दिखाई देने और उससे फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। 

घटना के बाद मोहम्मद आरिफ, बुलेट कुमार और आकाश कुमार के गोली लगने से घायल होने की जानकारी सामने आई। तीनों को शुरुआती इलाज के लिए सिवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया था। रिपोर्टों के अनुसार आरिफ को गर्दन के पास और बुलेट कुमार को पैर में गोली लगी थी। 

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मी अभिषेक कुमार को निलंबित कर दिया गया और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि जवान भीड़ में घिर गया था और उसने अपनी तथा सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए AK-47 से हवा में चार राउंड फायरिंग की थी। बिहार सरकार ने बाद में सुप्रीम कोर्ट में भी कहा कि AK-47 की फायरिंग से किसी को चोट नहीं लगी और तीनों युवकों को अलग-अलग स्थानों पर चोटें आई थीं, जिसकी जांच की जा रही है। 

वहीं, घटना में घायल आरिफ और बुलेट अब राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। दोनों राहुल गांधी को घटना के दौरान की अपनी स्थिति और गोली लगने के बाद इलाज के दौरान सामने आई परिस्थितियों के बारे में जानकारी देंगे। इस मुलाकात को सिवान के AK-47 फायरिंग मामले में राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट