सिवान में तिरंगा यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा: सैकड़ों छात्राएं हुईं बेहोश, मचा हड़कंप

सिवान के भगवानपुर हाट प्रखंड स्थित एस. एस. उच्च विद्यालय की तिरंगा यात्रा के दौरान भीषण गर्मी और उमस की वजह से सैकड़ों छात्राएं अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।आनन-फानन में सभी बच्चियों को सीएचसी में भर्ती कराया गया

Siwan Tiranga Yatra Accident
सिवान में तिरंगा यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा: सैकड़ों छात्राएं हुईं बेहोश- फोटो : Reporter

बिहार के सिवान जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान अचानक बड़ा हादसा हो गया। मामला भगवानपुर हाट प्रखंड मुख्यालय स्थित एस. एस. उच्च विद्यालय का है, जहाँ यात्रा में शामिल सैकड़ों छात्राएं अचानक एक-एक कर बेहोश होकर गिरने लगीं। भीषण गर्मी, उमस और थकावट के कारण अचानक हुई इस घटना से यात्रा में शामिल बच्चों और शिक्षकों के बीच हड़कंप मच गया।


मौके पर मची अफरा-तफरी और चीख-पुकार

छात्राओं के अचानक बेहोश होने से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। चारों तरफ बच्चों की चीख-पुकार और बदहवासी देखने को मिली। आनन-फानन में स्थानीय लोगों, शिक्षकों और यात्रा में मौजूद आयोजकों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभालने की कोशिश की। जो बच्चे सड़क पर गिर पड़े थे, उन्हें तुरंत छायादार स्थानों पर पहुंचाया गया और पानी का छिड़काव कर राहत देने का प्रयास किया गया।

सीएचसी में कराया गया भर्ती, डॉक्टरों की टीम जुटी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट मोड पर आ गई। सभी प्रभावित छात्राओं को तुरंत एम्बुलेंस और स्थानीय वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भगवानपुर हाट में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की विशेष टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चियों का प्राथमिक उपचार शुरू किया और उन्हें आवश्यक दवाएं व ग्लूकोज चढ़ाया।

इलाज के बाद स्थिति सामान्य, छात्राओं को भेजा गया घर

चिकित्सकों की कड़ी मेहनत के बाद सभी छात्राओं की हालत में सुधार हुआ और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में आ गई। डॉक्टरों ने बताया कि कड़ी धूप, उमस और डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) के कारण बच्चियों की तबीयत बिगड़ी थी। इलाज के बाद जब सभी छात्राओं की स्थिति खतरे से बाहर और सामान्य हो गई, तब उन्हें उनके परिजनों के साथ सुरक्षित घर भेज दिया गया। प्रशासन ने घटना के कारणों की समीक्षा करने की बात कही है।