सीवान में दिनदहाड़े अपराधियों का तांडव : 10 राउंड फायरिंग कर ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की लूट
सीवान के जीरादेई में 'ओम साई ज्वेलरी' पर 5 बदमाशों ने बोला धावा। 300 ग्राम सोना और 9 किलो चांदी लूटकर भाग रहे अपराधियों की ग्रामीणों से भिड़ंत। एक लुटेरा गिरफ्तार, बाइक में लगाई आग।
बिहार के सीवान जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित 'ओम साई ज्वेलरी शॉप' में बुधवार की दोपहर पांच हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। दो अपाचे बाइक पर सवार होकर आए इन अपराधियों ने दुकान में घुसते ही हथियार के बल पर सबको बंधक बना लिया और करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली।
दहशत फैलाने के लिए की ताबड़तोड़ फायरिंग
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बेखौफ होकर दुकान से बाहर निकले। बाजार में अपनी दहशत कायम करने और पीछा कर रहे लोगों को डराने के लिए अपराधियों ने करीब 10 राउंड हवाई फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा जामापुर बाजार गूंज उठा और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से भागने की कोशिश करने लगे।
भीड़ का फूटा गुस्सा, एक लुटेरा दबोचा गया
अपराधियों की फायरिंग के बावजूद स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों ने साहस दिखाया और घेराबंदी कर एक लुटेरे को मौके पर ही पकड़ लिया। पकड़े गए अपराधी की गुस्साई भीड़ ने लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, आक्रोशित लोगों ने लुटेरों की बाइक को भी आग के हवाले कर दिया। हालांकि, इस दौरान बाकी चार अपराधी भागने में सफल रहे।
पुलिस कैंप से चंद मीटर दूरी पर वारदात
हैरानी की बात यह है कि जहाँ यह बड़ी लूट हुई, वहाँ से महज 500 मीटर की दूरी पर पुलिस कैंप मौजूद था। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अपराधियों ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही करीब 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और फिलहाल पूरे इलाके में कैंप कर रहे हैं।
शादी के सीजन को देखते हुए रची साजिश
दुकान के मालिक टिंकू सोनार के अनुसार, लग्न (शादी) का सीजन होने के कारण दुकान में भारी मात्रा में गहने रखे गए थे। अपराधियों ने रेकी कर इसी का फायदा उठाया और करीब 300 ग्राम सोना और 9 किलो चांदी लूट ली। पीड़ित दुकानदार ने पांच अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
रिपोर्ट - ताबिश इरशाद