Siwan Police Operation Muskan: जनता को वापस मिले 15 लाख के 52 स्मार्टफोन, SP ने खुद सौंपे फोन
तकनीकी सर्विलांस की मदद से सिवान पुलिस ने ट्रैक किए करीब 15 लाख रुपये के स्मार्टफोन। जनता ने की पुलिस की संवेदनशीलता की तारीफ।खुद एसपी साहब ने अपने हाथों से लोगों को उनके फोन सौंपे। जो लोग उम्मीद छोड़ चुके थे, उनके चेहरे की खुशी देखने लायक थी।
सीवान पुलिस ने आधुनिक तकनीक और जनसेवा की भावना का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। सिवान के पुलिस अधीक्षक (SP) पूरण कुमार झा के कुशल नेतृत्व और कड़े निर्देशों के बाद पुलिस की तकनीकी सर्विलांस टीम ने विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से गुम या चोरी हुए कुल 52 मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक ट्रैक कर बरामद किया गया। पुलिस की इस तत्परता ने एक बार फिर आम जनता के बीच सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत किया है।
₹15 लाख के स्मार्टफोन देख खिले मालिकों के चेहरे
पुलिस टीम द्वारा बरामद किए गए इन सभी 52 स्मार्टफोन्स की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। एसपी कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान खुद पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने सभी वास्तविक स्वामियों को बुलाकर उनके फोन सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ कीमती मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर बड़ी मुस्कान तैर गई। कई लाभार्थियों ने भावुक होते हुए कहा कि वे अपने फोन मिलने की उम्मीद पूरी तरह छोड़ चुके थे, लेकिन पुलिस ने इसे सच कर दिखाया।
सीवान एसपी के नेतृत्व और संवेदनशीलता की सराहना
मोबाइल वापस पाने वाले स्थानीय नागरिकों ने एसपी पूरण कुमार झा की संवेदनशील कार्यशैली और सिवान पुलिस की त्वरित कार्रवाई की खुले दिल से सराहना की है। लोगों का कहना था कि अमूमन मोबाइल खो जाने के बाद उसकी बरामदगी की उम्मीद बेहद कम होती है, लेकिन सिवान पुलिस ने तकनीक का सटीक इस्तेमाल कर आम जनता की बड़ी समस्या का समाधान किया है। इस सकारात्मक पहल ने पुलिस के प्रति जनता की धारणा को पूरी तरह बदल दिया है और उनके प्रति सम्मान और बढ़ा दिया है।
जनता और पुलिस के बीच बढ़ेगा भरोसा: एसपी पूरण कुमार झा
इस मौके पर मीडिया को संबोधित करते हुए एसपी पूरण कुमार झा ने कहा कि पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में चोरी और गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने साफ किया कि 'ऑपरेशन मुस्कान' का मकसद सिर्फ कीमती गैजेट्स वापस दिलाना नहीं है, बल्कि इसके जरिए जनता और पुलिस के बीच भरोसे, आपसी सहयोग और सकारात्मक रिश्तों की एक मजबूत दीवार खड़ी करना है। सिवान पुलिस आगे भी कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जनसेवा के ऐसे कार्य करती रहेगी।
सीवान से ताबिश निषाद की रिपोर्ट