Siwan Police Raid: कुख्यात शराब तस्कर रिंकू पांडेय के घर छापेमारी, 10,000 रुपये का इनामी फरार
सीवान में 26 मुकदमों के आरोपी और ₹10,000 के इनामी रत्नेश कुमार उर्फ रिंकू पांडेय के घर पुलिस ने दी दबिश। कई थानों की पुलिस ने घेरा मकान, संदिग्ध डायरी बरामद।
सीवान जिले में शराब तस्करी और कई संगीन मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे रत्नेश कुमार पांडेय उर्फ रिंकू पांडेय के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। जमानत रद्द (बेल टूटने) होने के बाद अदालत से जारी वारंट के आधार पर पुलिस की टीम ने उसकी गिरफ्तारी के लिए सीवान शहर के महादेवा थाना क्षेत्र स्थित शिक्षक कॉलोनी वाले मकान पर अचानक छापेमारी की। हालांकि, पुलिस टीम के पहुँचने से पहले ही आरोपी रिंकू पांडेय मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
कई थानों की पुलिस ने एक साथ दी दबिश, घर से संदिग्ध डायरी बरामद
एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत असांव थाना पुलिस ने सीवान टाउन, महादेवा, मुफस्सिल और सराय थानों की पुलिस बल के साथ मिलकर रिंकू पांडेय के पूरे मकान की घेराबंदी की। इस बड़े पुलिस बल की संयुक्त छापेमारी के दौरान मकान की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में पुलिस ने एक डायरी बरामद की है, जिसके माध्यम से उसके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों तथा बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा रहा है।

26 आपराधिक मामलों में दर्ज है नाम, घोषित है 10 हजार रुपये का इनाम
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी रिंकू पांडेय का एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर कुल 26 मामले दर्ज हैं। ये मामले सीवान के असांव, आंदर, मुफस्सिल, रघुनाथपुर, हुसैनगंज, मैरवा, सराय, जीबी नगर समेत देवरिया कोतवाली जैसे विभिन्न थानों से जुड़े हैं। इनमें से अधिकांश मामले बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम (शराबबंदी कानून) और आर्म्स एक्ट से संबंधित हैं। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने उस पर 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है।
पुलिस ने आम लोगों से मांगी मदद, पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन
कुख्यात शराब माफिया की गिरफ्तारी के लिए सीवान पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी भी नागरिक को रिंकू पांडेय की मौजूदगी या ठिकाने के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत नजदीकी थाना या जिला पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर (9031832785) पर सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान और नाम पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तेज की तलाश
वारंट निर्गत होने, ₹10 हजार का इनाम घोषित होने और घर से डायरी की बरामदगी के बाद सीवान पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश और बढ़ा दी है। पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कानूनी शिकंजे में लिया जाएगा।
सीवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट