सिवान में पुलिस पर 'रफ्तार' का कहर: गश्ती थार को पिकअप ने मारी टक्कर,सब-इंस्पेक्टर समेत तीन जवान लहूलुहान

Bihar News: बिहार के सिवान में पुलिस गश्ती दल की थार को पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना में एक सब-इंस्पेक्टर सहित तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि एक जवान बाल-बाल बच गया।

Speed wreaks havoc on police in Siwan Patrol Thar hit by pic
सिवान में पुलिस पर 'रफ्तार' का कहर: गश्ती थार को पिकअप ने मारी टक्कर,सब-इंस्पेक्टर समेत तीन जवान लहू- फोटो : news 4 nation

बिहार के सिवान जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र में शुक्रवार की आधी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गश्त पर निकली पुलिस की थार गाड़ी को एक तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। यह भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस घटना में एक सब-इंस्पेक्टर सहित तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि एक जवान बाल-बाल बच गया।

खरगी रामपुर तिराहे पर खड़ी थी गाड़ी, पीछे से आई शामत

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि जीरादेई थाने की पुलिस टीम खरगी रामपुर गांव के पास तीन मोहनी (तिराहे) पर गाड़ी खड़ी कर चौकसी कर रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित पिकअप चालक ने खड़ी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक अपनी गाड़ी लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। घायल पुलिसकर्मियों को आनन-फानन में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सब-इंस्पेक्टर विवेक कुमार समेत तीन जवान घायल


हादसे में घायल होने वालों में पूर्वी चंपारण के निवासी सब-इंस्पेक्टर विवेक कुमार, चालक सुरेश कुमार और गृह रक्षक बल के जवान अशोक कुमार सिंह शामिल हैं। घायल सब-इंस्पेक्टर विवेक कुमार ने बताया कि गाड़ी पलटने के बाद उन्होंने साहस का परिचय देते हुए खुद बाहर निकलकर अपने साथी चालक और जवान को सुरक्षित बाहर निकाला। सौभाग्य से गाड़ी में सवार चौथे जवान नंदलाल को इस दुर्घटना में कोई गंभीर चोट नहीं आई।

एसपी ने लिया जायजा, चालक की लापरवाही या कोई साजिश?

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सिवान के पुलिस अधीक्षक (SP) पुरन कुमार झा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायल जवानों का हाल जाना। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह चालक की घोर लापरवाही का मामला प्रतीत होता है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं, जिससे मामले में किसी बड़ी साजिश या जानबूझकर टक्कर मारने के कोण से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।

फरार पिकअप की तलाश में नाकेबंदी, जांच तेज

पुलिस प्रशासन ने फरार पिकअप गाड़ी और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है और संदिग्ध वाहनों की तलाश के लिए नाकेबंदी की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने रात के समय गश्ती दलों की सुरक्षा को लेकर भी नई बहस छेड़ दी है।