Bihar News : सिवान में दहशत फैलाने के लिए हुई थीं दो हत्याएं, SIT ने 3 शूटरों को दबोचा, मुख्य साजिशकर्ता अब भी फरार

Bihar News : सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र में जून महीने की शुरुआत में हुए दो अलग-अलग निर्मम हत्याकांडों का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है....पढ़िए आगे

Bihar News : सिवान में दहशत फैलाने के लिए हुई थीं दो हत्याएं
दोहरे हत्याकांड का खुलासा - फोटो : TABISH

SIWAN : सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र में जून महीने में हुई दो निर्मम हत्याओं के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस पूरे मामले का मुख्य साजिशकर्ता अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि हत्याओं के पीछे किसी निजी रंजिश से अधिक इलाके में भय का माहौल पैदा करने और एक अपराधी की दहशत कायम करने की मंशा थी। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वारदातों को मुख्य आरोपी के इशारे पर अंजाम दिया गया था।

जानकारी के अनुसार, 2 जून और 5 जून को सिसवन थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग लोगों की हत्या कर दी गई थी। दोनों घटनाओं में अपराधियों ने घर के बाहर सो रहे व्यक्तियों को निशाना बनाया था। जांच के दौरान पुलिस को दोनों मामलों में कई समान परिस्थितियां मिलीं, जिसके बाद दोनों घटनाओं को एक ही साजिश का हिस्सा मानकर जांच आगे बढ़ाई गई। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सिसवन थाना क्षेत्र के साइपुर चरगछिया गांव निवासी मृत्युंजय राम, ब्रजेश राम और अभिषेक राम को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से लगातार अपराध करने की योजना बना रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि 7 जून को एक और हत्या की साजिश रची गई थी, जिसे पुलिस की सक्रियता और सतर्क निगरानी के कारण समय रहते विफल कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल, हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार तथा वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि फरार मुख्य आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले के सफल खुलासे पर पुलिस अधीक्षक ने सिसवन थाना की टीम और एसआईटी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किए जाने की अनुशंसा की है। साथ ही अपराधियों के खिलाफ अभियान को और तेज करने की बात कही है।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट