Bihar News : सिवान में जर्जर बिजली के तार नहीं बदलने से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, लाइनमैन को बनाया बंधक
Bihar News : सिवान के सिसवन प्रखंड के गयासपुर गांव में जर्जर बिजली के तार नहीं बदले जाने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। इसी कड़ी में उन्होंने लाइनमैन को बंधक बना लिया.....पढ़िए आगे
SIWAN : जिले के सिसवन प्रखंड अंतर्गत गयासपुर गांव में जर्जर बिजली के तारों को न बदले जाने से आक्रोशित ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। लंबे समय से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति गहरा असंतोष व्याप्त है। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने विभागीय लापरवाही का विरोध करते हुए बिजली विभाग के लाइनमैन सोनू बैठा को कथित रूप से बंधक बना लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में काफी समय से बिजली के तार बेहद जर्जर और खतरनाक स्थिति में लटक रहे हैं। इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बार-बार सूचना दी गई और तार बदलने की गुहार लगाई गई। इसके बावजूद विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे गांव में हर समय किसी बड़ी अनहोनी और हादसे का खतरा बना रहता है।
घटना के समय मौके पर अभय यादव, आजाद खान, शेख रहमत, विक्कू, सिकन्दर अली और अनवर अली समेत भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि बार-बार की शिकायतों की अनदेखी से ग्रामीणों में विभाग के रवैये को लेकर भारी आक्रोश पनप रहा है। वे जल्द से जल्द जर्जर तारों को बदलकर नए तार लगाने की मांग कर रहे हैं।
पूरे मामले पर बिजली विभाग का पक्ष जानने के लिए जब कनिष्ठ अभियंता (जेई) अवधेश कुमार से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कॉल तो उठाया लेकिन कुछ ही देर में फोन काट दिया। इसके बाद उनकी ओर से इस घटना और ग्रामीणों के आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया या बयान नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि गयासपुर गांव में अविलंब नए तार बिछाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि गांव की विद्युत व्यवस्था को जल्द से जल्द सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी भी संभावित बड़े हादसे से ग्रामीणों की जान-माल की रक्षा की जा सके।
सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट