सिलाई दुकान में भीषण चोरी, शादी के कीमती कपड़े और मशीनें ले उड़े चोर

सिलाई दुकान में भीषण चोरी, शादी के कीमती कपड़े और मशीनें ले
सिलाई दुकान में भीषण चोरी- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपुर वार्ड संख्या दो में रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक कपड़े की सिलाई दुकान को निशाना बनाया। चोरों ने दुकान की किवाड़ तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये मूल्य के कीमती कपड़े, मशीनें व नकदी लेकर फरार हो गए। सोमवार की सुबह जब संचालिका कंचन कुमारी दुकान पहुंची, तो टूटे हुए किवाड़ और बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में सनसनी फैल गई।

पीड़ित दुकानदार कंचन कुमारी ने बताया कि वह पिछले 10 वर्षों से सिलाई का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थी। रविवार की रात करीब 10 बजे तक वह शादी-विवाह के कपड़ों की सिलाई कर घर गई थी। सुबह दुकान पहुंचने पर पता चला कि चोरों ने दो सिलाई मशीनें, आठ सौ रुपये नकद और दुकान में रखे कीमती लहंगा, साड़ी व ब्लाउज के पीस चोरी कर लिए हैं। पीड़िता के अनुसार, चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक है।


यह घटना पीड़िता के लिए दोहरी मार साबित हुई है। कंचन कुमारी ने अपनी दुकान चलाने के लिए 'जीविका' समूह से कर्ज ले रखा था। सिलाई से होने वाली आय ही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र जरिया था, जिसमें उनकी बेटी भी हाथ बटाती थी। वर्तमान में शादी का सीजन होने के कारण उनके पास ग्राहकों के कई कीमती और भारी काम वाले कपड़े सिलाई के लिए आए हुए थे। अब पीड़िता को यह चिंता सता रही है कि वह ग्राहकों के नुकसान की भरपाई कैसे करेगी और जीविका का कर्ज कैसे चुकाएगी।


घटना के बाद पीड़िता कंचन कुमारी ने भीमपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि इस चोरी से उनका सब कुछ बर्बाद हो गया है और वह गहरे सदमे में हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कंचन बेहद मेहनती महिला है और इस वारदात ने उसे सड़क पर ला दिया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी की जाए और गरीब महिला का सामान बरामद करवाया जाए।


इधर, सूचना मिलने के बाद भीमपुर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और चोरी के सुराग जुटाने में लगी है। थाना पुलिस का कहना है कि पीड़िता के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही इस कांड का उद्भेदन कर लिया जाएगा। फिलहाल, इस चोरी की घटना के बाद से गांव के अन्य दुकानदारों में भी भय का माहौल व्याप्त है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट