लिख कर रख लीजिए, नीतीश का दौर खत्म हो चुका है, बोले -प्रशांत किशोर - असली चाबी तो केंद्र के पास है, नीतीश तो बस चेहरा थे
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने सुपौल दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब मानसिक और शारीरिक रूप से पद संभालने की स्थिति में नहीं हैं और आने वाला समय जन सुराज के इतिहास का होगा।
Supaul - 'बिहार नव निर्माण अभियान' के तहत जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर सोमवार को सुपौल पहुंचे। जिले में प्रवेश करते ही उन्होंने सबसे पहले प्रसिद्ध बाबा तिल्हेश्वर मंदिर में मत्था टेका और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बिहार की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया, जिसके बाद वे कार्यकर्ताओं से संवाद करने जिला मुख्यालय स्थित होटल नित्मया पहुंचे।
संगठन की मजबूती और पंचायत चुनाव पर मंथन
कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रशांत किशोर के साथ पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना, सेवानिवृत्त आईएएस ललन कुमार यादव और पूर्व एडीजी जय प्रकाश सिंह जैसे दिग्गज मौजूद रहे। बैठक में सांगठनिक चुनाव और संगठन विस्तार पर गहन चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने एक सुर में पंचायत चुनाव में भागीदारी की वकालत की। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है, तो पंचायत स्तर पर सक्रियता अनिवार्य है। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि प्रशांत किशोर के बिहार बदलाव के सपने को वे मरते दम तक पूरा करेंगे।
नीतीश कुमार पर तीखा तंज: '25 से 30 नीतीश' सिर्फ जुमला था

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार अब शारीरिक और मानसिक रूप से मुख्यमंत्री पद संभालने की स्थिति में नहीं हैं। हमने पहले ही कहा था कि चुनाव के बाद वे सीएम नहीं रहेंगे और आज वही हो रहा है।" पीके ने आरोप लगाया कि '25 से 30 नीतीश' का नारा महज एक चुनावी जुमला था जिससे जनता को ठगा गया। उन्होंने आगे कहा कि 202 सीटें जीतने के बावजूद नीतीश कुमार का पद छोड़कर राज्यसभा जाना बताता है कि उन्हें बिहार की नहीं, सिर्फ अपनी चिंता है।
'अगला सीएम बिहार का नहीं, गुजरात का करेगा विकास'
प्रशांत किशोर ने एनडीए की भावी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में जो भी अगला मुख्यमंत्री बनेगा, उसकी चाबी केंद्र सरकार के पास होगी। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, "अगला मुख्यमंत्री बिहार का विकास नहीं करेगा, बल्कि वह गुजरात का विकास करेगा। बिहार के युवा यहाँ के बजाय गुजरात की फैक्ट्रियों में मजदूरी करने जाएंगे।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव में जनता के पैसे का दुरुपयोग कर वोट खरीदे गए, जिससे यह बहुमत हासिल हुआ है।
ऐतिहासिक बदलाव की तैयारी में जन सुराज
कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष इंद्रदेव शाह, जिला महामंत्री नरेश नयन और महिला जिलाध्यक्ष नीलम सिंह सहित अन्य नेताओं ने विश्वास जताया कि जन सुराज भविष्य में बिहार की राजनीति का नया इतिहास लिखेगा। कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर तक संगठन को ले जाने और 'जन-जन तक सुराज' पहुंचाने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर भारी संख्या में स्थानीय नेता और आरटीआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Report - vinay kumar mishra