मुख्य सचिव और डीजीपी ने सुपौल के वीरपुर का किया दौरा, इंडो-नेपाल सीमा सुरक्षा और विकास कार्यों की समीक्षा की
Supaul : जिले के वीरपुर में राज्य सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार विशेष कार्यक्रम के तहत वीरपुर पहुंचे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का हेलीकॉप्टर से आगमन हुआ, जहां जिला प्रशासन ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सुपौल पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य इंडो-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना तथा जिले में चल रहे महत्वपूर्ण विकास कार्यों को गति देना बताया गया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कोसी मेची लिंक योजना के प्रगति की भी जानकारी ली गई।
वीरपुर पहुंचने के बाद मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सीधे फिजिकल मॉडलिंग सेंटर पहुंचे, जहां एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोसी प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार, सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक सरथ आरएस और एसएसबी के डीआईजी मधुकर अमिताभ ,डीडीसी सारा अशरफ सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस बैठक में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास, क्षेत्रीय प्रगति और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ रणनीतिक मंथन किया गया। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के बाद जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि मुख्य सचिव ने कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने फिजिकल मॉडलिंग सेंटर के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने और वीरपुर हवाई अड्डा के विकास कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर समाप्त करने का आदेश दिया। साथ ही कोसी क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण की स्थिति की भी समीक्षा की गई, ताकि भविष्य में संभावित आपदाओं से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट