भूमिहीनों को वासगीत पर्चा देने की मांग, युवा कांग्रेस ने अंचल कार्यालय पर किया प्रदर्शन

युवा कांग्रेस द्वारा रेलवे की कार्रवाई से बेघर हुए परिवारों के लिए जमीन और राहत की मांग की है। वहीं मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है.....

 भूमिहीनों को वासगीत पर्चा देने की मांग, युवा कांग्रेस ने अं
भूमिहीनों को वासगीत पर्चा देने की मांग- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के सदर अंचल अंतर्गत एकमा पंचायत में बेघर हुए भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा देने और पुनर्वास की मांग को लेकर सोमवार को युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पीड़ित परिवारों ने अंचल कार्यालय के समक्ष नारेबाजी की। प्रदर्शन के पश्चात अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन अंचल अधिकारी (सीओ) को सौंपा गया, जिसमें प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप करने की अपील की गई है।


युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव लक्ष्मण झा ने बताया कि सदर अंचल के एकमा पंचायत में रेलवे लाइन के किनारे वर्षों से बसे भूमिहीन परिवारों को पिछले दिनों रेल प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर उजाड़ दिया गया। बेघर होने के बाद इन परिवारों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। भीषण गर्मी के साथ-साथ हालिया आंधी, तूफान और बारिश ने इन परिवारों की कमर तोड़ दी है। महिलाएं और बच्चे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं, जिससे उनकी स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है।


प्रदेश सचिव ने प्रशासन से मांग की है कि इन बेघर परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर जमीन का पर्चा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, आपदा विभाग की ओर से अविलंब प्लास्टिक शीट (तिरपाल) मुहैया कराई जाए, ताकि ये परिवार अस्थायी रूप से सिर ढकने का इंतजाम कर सकें। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ही इन मांगों पर संज्ञान नहीं लिया और भूमिहीनों को राहत नहीं पहुंचाई, तो बेघर परिवारों के समर्थन में व्यापक और उग्र आंदोलन किया जाएगा।


प्रदर्शनकारियों ने केवल एकमा ही नहीं, बल्कि सदर प्रखंड मुख्यालय के मोहनिया गांव सहित अन्य क्षेत्रों में भी रह रहे भूमिहीन परिवारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं जिनके पास अपनी जमीन नहीं है। सरकार और स्थानीय प्रशासन को चाहिए कि सरकारी जमीन चिन्हित कर इन सभी पात्र परिवारों को वासगीत पर्चा दिया जाए ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।


इस विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें लटूर्ण महतो, मिश्रीलाल महतो, सुरेंद्र कुमार, छोटू कुमार शेखावत, अनिल पासवान, अरुण पासवान और पवन कुमार प्रमुख थे। साथ ही गीता देवी, सुलेखा देवी, आशा देवी, मंजू देवी, सुखनी देवी और पप्पू चौधरी सहित दर्जनों महिलाओं ने भी अपनी आवाज बुलंद की। स्थानीय प्रशासन ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है, हालांकि पीड़ित परिवार अब भी ठोस मदद का इंतजार कर रहे हैं।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट