Bihar News: सुपौल में हिट एंड रन, अनियंत्रित ट्रक चालक ने आशा कार्यकर्ता को रौंदा, मौत से हड़कंप

Bihar News: बिहार के सुपौल से हिट एंड रन का मामला सामने आया है। जहां अनियंत्रित ट्रक ने आशा कार्यकर्ता को रौंद दिया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया।

आशा कार्यकर्ता
आशा कार्यकर्ता की मौत - फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के सुपौल से हिट एंड रन का मामला सामने आया है। जहां अनियंत्रि ट्रक चालक ने आशा कार्यकर्ता को कुचल दिया है। दरअसल, मामला जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही स्थित एनएच-27 का है। जहां शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने एक आशा कार्यकर्ता को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान सिमराही नगर पंचायत के वार्ड-13 निवासी स्वर्गीय विरेंद्र दत्त की पत्नी कंचन देवी (56) के रूप में हुई है। वह स्वास्थ्य विभाग में आशा कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं।

सुपौल में हिट एंड रन 

बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे कंचन देवी अपने घर से पैदल मछली खरीदने के लिए हाट जा रही थीं। इसी दौरान धर्मपट्टी गैस ऑफिस के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घायल महिला को तुरंत राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। 

आशा कार्यकर्ता की दर्दनाक मौत 

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निलेश प्रधान ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका कंचन देवी अपने क्षेत्र में एक सक्रिय और समर्पित आशा कार्यकर्ता के रूप में जानी जाती थीं। वह वर्षों से गांव-गांव जाकर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करती थीं और जरूरतमंदों की मदद करती थीं। उनकी अचानक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

जांच में जुटी पुलिस 

जानकारी अनुसार परिवार का पालन-पोषण मुख्य रूप से कंचन देवी की आय से ही चलता था। घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

सुपौल से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट