एसएसबी और आंध्रामठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में तस्करी के सामान के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

एसएसबी और आंध्रामठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में तस

Supaul : 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी निओर और आंध्रामठ स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के दौरान तस्करी के नेटवर्क पर कड़ी चोट की है। भारत-नेपाल सीमा पर चलाए गए इस विशेष नाका ड्यूटी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में अवैध कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक ऑटो रिक्शा को जब्त करने के साथ-साथ पांच तस्करों को भी हिरासत में लिया गया है।


27 अप्रैल 2026 को आयोजित इस संयुक्त अभियान की जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसबी लगातार सतर्क है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 229 के समीप से तस्करी का सामान नेपाल ले जाने की योजना है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आंध्रामठ पुलिस के साथ मिलकर एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया और चिन्हित स्थान पर नाकेबंदी की गई।


ऑपरेशन के दौरान टीम ने एक संदिग्ध तीन पहिया वाहन (ऑटो को भारत से नेपाल की ओर जाते हुए देखा। सुरक्षा बलों द्वारा वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 4 महिलाएं और 1 चालक सहित कुल 5 लोग सवार थे। सघन तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से भारी मात्रा में कपड़े और विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। जब पकड़े गए व्यक्तियों से इन सामानों के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी संतोषजनक उत्तर या कागजात पेश नहीं कर सके।


सुरक्षा बलों ने बरामद सामान और ऑटो को विधिवत रूप से जब्त कर लिया है। जब्त किए गए वाहन का चेसिस नंबर MD2A95AYXHWE 18258 और इंजन नंबर BBYWHE 30654 दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई और जब्ती सूची तैयार करने के पश्चात, सभी बरामद सामानों और वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय कुनौली के सुपुर्द कर दिया गया है। गिरफ्तार किए गए तस्करों से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।


कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध तस्करी और असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्र विरोधी गतिविधियों और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए भविष्य में भी इसी तरह के सघन निगरानी अभियान और प्रभावी कार्रवाइयां निरंतर जारी रहेंगी, ताकि सीमा सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट