इंडो-नेपाल बॉर्डर पर SSB की बड़ी कार्रवाई: घर से भागे नेपाली प्रेमी जोड़े का रेस्क्यू, 100 लीटर डीजल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Supaul : भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में बड़ी सफलता हासिल की है। सीमा चौकी कुनौली के जवानों ने जहाँ संदिग्ध स्थिति में सीमा पार कर रहे एक नेपाली किशोर और किशोरी को सुरक्षित रेस्क्यू किया, वहीं सीमा स्तंभ संख्या 221/1 के पास से अवैध रूप से डीजल की तस्करी कर रहे दो भारतीय युवकों को बाइक और ईंधन के साथ दबोच लिया। एसएसबी की इस सक्रियता से सीमावर्ती क्षेत्रों में हड़कंप मचा हुआ है।
बयान बदलने पर गहराया शक, प्रेमी जोड़ा रेस्क्यू
एसएसबी जवानों ने सघन जांच के दौरान कुनौली चेक पोस्ट संख्या 2 पर नेपाल के सुनसरी जिले के रहने वाले एक युवक और युवती को रोका। पूछताछ में दोनों बार-बार अपना बयान बदलते रहे और भारत में प्रवेश हेतु कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। कड़ाई से पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों नाबालिग हैं और घर से बिना अनुमति के भागकर भारत आ रहे थे। मानव तस्करी की आशंका और सुरक्षा मानकों को देखते हुए एसएसबी ने दोनों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
मानवाधिकार नियमों के तहत नेपाल APF को सौंपा
रेस्क्यू किए गए दोनों नाबालिगों के मामले में सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की गई। घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग को देने के बाद, नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स (APF) की मौजूदगी में दस्तावेज तैयार किए गए। अंततः, दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए विधिवत रूप से नेपाल एपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया ताकि उन्हें उनके परिजनों तक पहुँचाया जा सके।
बाइक से डीजल की तस्करी करते दो युवक धरे गए
वहीं एक अन्य कार्रवाई में, 28 अप्रैल को गश्त के दौरान एसएसबी ने सीमा स्तंभ 221/1 के पास एक बाइक (BR 50 Y 9486) पर सवार दो संदिग्धों को रोका। जवानों को देखते ही भागने की कोशिश कर रहे इन युवकों की पहचान सुपौल जिले के रतनपुरा थाना अंतर्गत ढाढा छतोनी निवासी राज कुमार और संजय यादव के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से 100 लीटर अवैध डीजल बरामद हुआ, जिसका वे कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके।
कस्टम विभाग के हवाले किए गए तस्कर
पकड़े गए दोनों तस्करों को बरामद डीजल और बाइक के साथ विधिवत जब्त कर लिया गया है। एसएसबी ने आवश्यक कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद दोनों व्यक्तियों और जब्त सामान को कस्टम कार्यालय कुनौली को सौंप दिया है। 45वीं वाहिनी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में मानव तस्करी, मादक पदार्थों की आवाजाही और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए एसएसबी पूरी तरह प्रतिबद्ध है और गश्त अभियान निरंतर जारी रहेगा।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट