प्राइवेट स्कूल में शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा, शरीर पर उभरे गहरे जख्म

Bihar News : शिक्षक ने अनुशासन के नाम पर मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है....

प्राइवेट स्कूल में शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा, शरीर प
शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा- फोटो : विनय कुमार मिश्र

Supaul : जिले के त्रिवेणीगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित एक निजी स्कूल से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक शिक्षक ने अनुशासन के नाम पर मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। सोमवार की शाम हुई इस घटना के बाद घायल छात्र की स्थिति को देखते हुए उसे आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस सनसनीखेज मामले के बाद छात्र के परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।


बिजली के तार से बरसाईं कोड़ें जैसी चोटें 

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल में किसी बात को लेकर शिक्षक अपना आपा खो बैठे और पास पड़े बिजली के तार (वायर) से छात्र को पीटना शुरू कर दिया। पिटाई इतनी खौफनाक थी कि छात्र के शरीर पर गहरे नील और चोट के निशान पड़ गए हैं। परिजनों का आरोप है कि उक्त निजी विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने के नाम पर बच्चों के साथ अक्सर मारपीट की जाती है, लेकिन इस बार शिक्षक की हैवानियत ने छात्र को अस्पताल पहुँचा दिया।


परिजनों में चिंताअस्पताल में चल रहा इलाज 

पिटाई से घायल छात्र का इलाज अस्पताल में जारी है। डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, वहीं छात्र के माता-पिता अपने बच्चे की हालत और सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि जिस उम्मीद से वे बच्चों को स्कूल भेजते हैं, वहाँ इस तरह का अमानवीय व्यवहार उनके विश्वास को तोड़ रहा है। फिलहाल छात्र सदमे में है और शारीरिक पीड़ा से जूझ रहा है।


कार्रवाई का इंतजारअब तक नहीं हुई लिखित शिकायत 

घटना को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त गुस्सा है, लेकिन तकनीकी पेंच यह है कि अब तक पीड़ित परिवार या स्कूल प्रबंधन की ओर से पुलिस को औपचारिक लिखित शिकायत नहीं दी गई है। लिखित आवेदन के अभाव में पुलिस ने फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं की है। जानकारों का कहना है कि प्रशासन को ऐसी घटनाओं पर स्वत: संज्ञान लेना चाहिए ताकि भविष्य में किसी अन्य बच्चे के साथ ऐसी बर्बरता न हो।


बार-बार हो रही घटनाओं से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल 

गौरतलब है कि त्रिवेणीगंज में किसी निजी स्कूल के शिक्षक द्वारा छात्र को लहूलुहान करने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी क्षेत्र में ऐसी घटना सामने आ चुकी है। बार-बार दोहराई जा रही इन घटनाओं ने निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली और बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि निजी शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा मानकों की जांच हो और दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएं।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट